इस्कॉन रोड पर चलती बाइक टैक्सी पर सवार एक युवती ...और पीछे से आ रहे दो मनचले ...या यूं कहे कि 2 मानसिक बीमार... जो महिलाओं से छेड़छाड़ अपना हक समझते हैं। 10 सेकंड में हुई इस वारदात ने शहर की बेटी के मन-मस्तिष्क में सिहरन पैदा कर दी। असहज बेटी ने विरोध किया मगर तब तक ये बीमार फरार हो चुके थे। पीछे से आ रही तीसरी बाइक ने इस घटना को कैमरे में कैद कर लिया तो पुलिस तक मामला पहुंचा। इस वारदात से जयपुर की सड़कों पर महिलाओं की सुरक्षा की हकीकत फिर से उजागर हो गई। गुरुवार को वीडियो वायरल होते ही शहर एक बार फिर उसी सवाल के सामने खड़ा हो गया- आखिर बेटियां सड़कों पर कब सुरक्षित होंगी? वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने दोनों युवकों की पहचान टोंक निवासी मनराज और सुदामा के रूप में की है। शाबाश बिटिया; छेड़छाड़ करने वाले युवक को खुद पकड़ा, लोगों ने घेरकर पुलिस के हवाले किया जवाहर सर्किल में महिला की बहादुरी का मामला सामने आया है। छेड़छाड़ करने वाले युवक को महिला ने खुद पकड़कर लोगों की मदद से पुलिस के हवाले कर दिया। जानकारी के अनुसार गुरुवार रात 9 बजे महिला खाना खाने के बाद टहल रही थी। इसी दौरान बाइक सवार एक युवक अश्लील इशारे करने लगा। महिला ने विरोध किया तो बदसलूकी करने लगा। महिला ने हिम्मत दिखाते हुए सामना किया। आरोपी जैसे ही भागने लगा, महिला ने उसकी बाइक पकड़ ली और शोर मचा दिया। महिला की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने आरोपी की जमकर पिटाई कर दी।