जिला पुलिस कंफ्यूज है? पिछले 36 घंटे में तीसरी तबादला सूची जारी करने के बाद अब सब जगह यही चर्चा है। नई तबादला सूची में एसपी रोशन मीणा ने 4 पुलिस निरीक्षकों व एक एसआई का तबादला किया है। इनमें महिला थाना, पीपलू व झिराना में नए अधिकारियों को नियुक्ति दी है। शुक्रवार रात से रविवार तक जिले में पुलिस तबादले की यह तीसरी सूची जारी की गई है। जारी लिस्ट के अनुसार महिला थाने में पुरानी टोंक से हटाकर लगाए गए नेमीचंद गोयल को पुलिस लाइन और उनकी जगह पुलिस निरीक्षक सरोज को (जिले में उपस्थित देने पर) थाने का इंजार्च बनाया है। लांबाहरिसिंह से झिराना लगाए सीआई रविश सामरिया की एक ही दिन में बदली करते हुए एसपी ने पीपलू थानाधिकारी व उनियारा थानाधिकारी कप्तान सिंह को अपराध शाखा में नियुक्त किया है। इसी प्रकार ट्रैफिक यूनिट इंचार्ज रहे व एक दिन पहले सोप से पीपलू थाना प्रभारी लगाए उपनिरीक्षक (सीआई) कालूराम को झिराना थाना प्रभारी बनाया गया है। विदित रहे आईपीएस रोशन मीणा ने जिले में एसपी का पदभार संभालने के करीब डेढ़ माह बाद पुलिस महकमे में फेरबदल करते हुए जिले 60 प्रतिशत से ज्यादा थानाधिकारी बदले थे। शुक्रवार देर रात को जारी पुलिस निरीक्षक व उप निरीक्षकों की अलग-अलग तबादला सूची में 17 थानाधिकारियों सहित कुल 19 पुलिस अधिकारियों (12 सीआई व 7 एसआई) के स्थानांतरण किया गया था, जिनमें 4 महिला अधिकारी भी हैं। रविवार को पुलिस अधिकारियों की एक ओर ट्रांसफर लिस्ट जारी होने के बाद ऐसा बार-बार क्यों हो रहा? की चर्चा का बाजार गर्म है।