भास्कर संवाददाता| श्रीगंगानगर श्रीगंगानगर नई धानमंडी में तीन लाख थैले बारदाना वितरित होने के बाद अब 1.25 लाख थैले बारदाना रविवार को और पहुंच गया है। बारदाना वितरित होने के साथ ही थैलों में भरकर रविवार को अवकाश का दिन होने के बावजूद उठाव शुरू करवाया गया है ताकि मंडी में जाम की स्थिति नहीं बने। श्रीगंगानगर नई धानमंडी से रविवार को पहले दिन 1400 थैले गेहूं का उठाव हुआ। गेहूं खरीद के साथ ही किसानों की बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज कर भुगतान भी शुरू कर दिया गया है। कच्चा आढ़तिया संघ अध्यक्ष रायसिंह कुलड़िया ने बताया कि तीन लाख थैले बारदाना मंडी में मिला था। उसे मंडी की सभी दुकानों पर वितरित करवा दिया गया। जो बारदाना मिला उसमें गेहूं भरी जा चुकी है तथा रविवार को उठाव भी शुरू करवा दिया गया है ताकि सोमवार को गेहूं की आवक होने पर जाम की स्थिति नहीं बने। पहले दिन ट्रॉलियों से गेहूं का उठाव करवाया गया है। सोमवार को ट्रॉलियों के साथ ही ट्रकों से भी उठाव करवाया जाएगा ताकि एमएसपी पर खरीदी गई गेहूं का उठाव तेजी से हो तथा मंडी में जाम लगने से स्थिति नहीं बने तथा मंडी में गेहूं बेचने के लिए आने वाले किसानों को किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं हो। आगामी दिनों में प्रतिदिन 30 से 40 हजार थैले उठाव होने की संभावना है। 1.25 लाख थैले बारदाना और मिला है। सोमवार को चार लाख थैले बारदाना और पहुंचेगा। इसके बाद मंडी में बारदाना वितरित किया जाएगा।