सोजत रोड कस्बे के सुभाष मार्ग बाजार में मंगलवार सुबह दिनदहाड़े फायरिंग हो गई। किराएदार ने मकान मालिक पर एक मिनट में पिस्टल से चार फायर कर दिए। तीन गोलियां लगने के बाद मकान मालिक बचने लिए पास में​ स्थित कपड़ों की दुकान में घुटनों के बल घुसा। पीछा करते हुए आरोपी आया और एक और गोली मार दी। हमलावर के लौटने के बाद लोगों ने घायल को सोजत हॉस्पिटल पहुंचाया। वहां से पाली और पाली से जोधपुर एम्स रेफर कर दिया गया। आरोपी को देर शाम हिरासत में ले लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में वारदात की वजह अवैध संबंध का शक होना सामने आया है। पुलिस के अनुसार सोजत रोड के मालियों का बास निवासी पूरणमल मारू (40) पुत्र लालाराम को उसके किराएदार अमित सोनी ने गोलियां मारीं। पूरणमल का सुभाष मार्ग पर मकान है, जहां अमित सोनी पत्नी के साथ किराए पर रहता है। हमले का घटनाक्रम मंगलवार सुबह करीब 10 बजे तब शुरू हुआ जब पूरणमल किराएदार अमित सोनी से मिलने गया था, जहां दोनों में बहस हो गई। इसके बाद पूरणमल बाहर निकलने लगा तो अमित पिस्टल लेकर पीछा करते हुए बाहर आया और फायरिंग कर दी। सीटी स्कैन में पता चला कि गोलियां रीढ़ की हड्डी (वर्टेब्रा) और गुर्दों के ठीक पास लगी थीं। एक गोली पीठ की तरफ मसल्स में धंसी है। पूरणमल प्रॉपर्टी कारोबारी है, जबकि आरोपी अभी बेरोजगार है। सुबह 10:00 बजे: मकान मालिक पूरणमल मारू किराएदार अमित सोनी के कमरे पर पहुंचा, जहां दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हो गई। सुबह 10:07:31 बजे: पूरणमल बाहर निकला तो अमित पिस्टल लेकर पीछे आया और 3 फायर किए। घायल कपड़ों की दुकान के बाहर रोड पर गिर पड़ा। सुबह 10:07:35 बजे: अचानक हुई फायरिंग देख कपड़ा दुकान के गेट पर बैठे दो लड़के दहशत में आ गए और भागते हुए दुकान के भीतर जा घुसे। सुबह 10:07:41 बजे: लहूलुहान होकर रोड पर गिरे घायल की हाथ के इशारों के साथ आरोपी से बहस-कहासुनी होते दिखाई ​दे रही है। सुबह 10:07:51 बजे: 3 गोली लगने के बावजूद पूरणमल जान बचाने के लिए घुटनों-हाथों के बल कपड़ों की दुकान में घुसते नजर आया। सुबह 10:08:05 बजे: 14 सेकंड बाद अमित सोनी हाथ में पिस्टल लिए दुकान में घुसा। अंदरुनी हिस्से में पहुंचकर चौथा फायर किया। सुबह 10:08:16 बजे: 11 सेकंड बाद अमित सोनी दुकान से निकला। लोगों से बात करते हुए चला गया। उसके जाने के बाद लोग मदद के लिए दौड़े। सुबह 11:30 बजे: पाली के बांगड़ अस्पताल में सीटी स्कैन कराने पर रीढ़ की हड्डी व अन्य अंगों के पास गोलियां फंसी मिलीं, जोधपुर एम्स रेफर किया गया।