हनुमानगढ़ के टिब्बी कस्बे में सोमवार को एक व्यक्ति अपनी नाबालिग बेटी की बरामदगी की मांग को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गया। यह घटना राजकीय अस्पताल के पास हुई, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। बाद में समझाइश के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। व्यक्ति का आरोप है कि उसकी नाबालिग बेटी के गायब होने के मामले में पुलिस और जांच अधिकारी गंभीरता से कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। उसने बताया कि वह लंबे समय से अपनी बेटी की तलाश के लिए पुलिस-प्रशासन के चक्कर काट रहा था। घटना की सूचना मिलते ही टिब्बी थाना प्रभारी हंसराज लूणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने टंकी पर चढ़े व्यक्ति से बातचीत कर उसे समझाने का प्रयास किया। लगातार प्रयासों के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। यह मामला करीब डेढ़ माह पुराना बताया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नाबालिग की तलाश के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और मामले की जांच जारी है। गौरतलब है कि टिब्बी क्षेत्र के कुलचंद्र गांव में खाला निर्माण की मांग को लेकर पहले ही तीन लोग पानी की टंकी पर चढ़े हुए हैं।