उत्तर पश्चिम रेलवे के उप मुख्य टिकट निरीक्षक हरदेव सिंह चौहान ने महिला यात्री का खोया पर्स सुरक्षित बरामद किया। पर्स नियमानुसार रेलवे सुरक्षा बल को सौंपा। चौहान गाड़ी संख्या 09258 में शकूर बस्ती से अजमेर तक ड्यूटी पर थे। इसी दौरान रेल मदद ऐप पर महिला यात्री पिंकी शर्मा पत्नी हेमंत शर्मा की शिकायत मिली। शिकायत के अनुसार दंपती बी-3 कोच में गुड़गांव से रिंगस जा रहे थे। खाटू श्यामजी के दर्शन के लिए रिंगस स्टेशन पर उतर गए। जल्दबाजी में पर्स बर्थ नंबर 20 पर छूट गया। पर्स में 17,750 रुपए, घर की चाबियों के दो गुच्छे, अन्य जरूरी सामान भी था। चौहान ने तलाशी ली और पर्स सुरक्षित बरामद कर लिया। पर्स किशनगढ़ रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल के कांस्टेबल अमरचंद को सौंप दिया। आगे की कार्रवाई के बाद पर्स यात्री को सौंपा जाएगा।