खैरथल-तिजारा जिले के किशनगढ़बास में कांग्रेस का एससी प्रकोष्ठ सम्मेलन हुआ। सम्मेलन अनुसूचित जाति (SC) प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष भूपेश लहकरा के नेतृत्व में हुआ। सम्मेलन में कांग्रेस नेताओं ने भाजपा की नीतियों का विरोध किया। सम्मेलन में कांग्रेस के कई बड़े नेता मौजूद रहे। इनमें नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, पूर्व मंत्री एवं SC महिला प्रकोष्ठ की प्रदेशाध्यक्ष ममता भूपेश, मुंडावर विधायक ललित यादव सहित कई वरिष्ठ नेता भी रहे। टीकाराम जूली ने भाजपा कई आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पर संविधान को कमजोर करने और दलित समाज के अधिकारों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है तथा दलितों पर अत्याचार की घटनाएं बढ़ी हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और घर-घर जाकर कांग्रेस की नीतियों को पहुंचाने का आह्वान किया। भाजपा को आरक्षण विरोधी बताया पूर्व मंत्री ममता भूपेश ने भाजपा को आरक्षण विरोधी बताया। उन्होंने कहा यदि SC समाज जागरूक नहीं हुआ तो उसके अधिकारों पर खतरा बढ़ जाएगा। उन्होंने महिला सुरक्षा, दलित उत्पीड़न, नीट पेपर लीक प्रकरण और केंद्र सरकार की नीतियों को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने बाड़मेर रिफाइनरी के उद्घाटन को लेकर कहा कि इसकी आधारशिला पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के कार्यकाल में रखी गई थी। साथ ही अयोध्या राम मंदिर चंदा और शिक्षा व्यवस्था जैसे मुद्दों पर भी सरकार की आलोचना की। कांग्रेस की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी मुंडावर विधायक ललित यादव ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर का बनाया संविधान दलित समाज के संघर्ष की पहचान है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में प्रदेश में कांग्रेस की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष बलराम यादव,कांग्रेस नेता इमरान खान,महिला जिलाध्यक्ष डॉ. विनोद कुमारी सांगवान और कांग्रेस नेता संजीव बारेठ ने भी संविधान की रक्षा,दलित-शोषित वर्ग के अधिकारों और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर अपने विचार रखे। ये रहे मौजूद कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष भूपेश लहकरा ने की। सम्मेलन में एडवोकेट कमल सिंह, मेघवाल समिति अध्यक्ष धीर सिंह, पूर्व सरपंच प्रकाशचंद, नगर पालिका नेता प्रतिपक्ष उमेश यादव, शहर कांग्रेस अध्यक्ष संस्कार अग्रवाल, संदीप अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और SC समाज के लोग मौजूद रहे।