दिल्ली में एक नवंबर को होने वाली कांग्रेस की रैली को लेकर व्यापारियों के विरोध पर टीकाराम जूली ने कहा कि यह भाजपा की ओर से बनाया गया माहौल है। उन्होंने कहा कि राजस्थान से लाखों लोग दिल्ली जाएंगे,घूमकर आएंगे और शॉपिंग करेंगे। दिल्ली के व्यापारियों को खुश होना चाहिए कि लाखों लोग आ रहे हैं। अलवर में जूली ने चुनाव आयोग पर सवाल उठाए। जूली ने कहा- फॉर्म नंबर 6 में बदलाव केवल संसद कानून पारित करके कर सकती है, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। चुनाव आयोग ने खुद ही फॉर्म नंबर 6 में बदलाव कर दिया। दिल्ली के व्यापारी खुश हो जाए दिल्ली में रैली को लेकर व्यापारियों के विरोध पर जूली ने कहा-यह केवल भाजपा की ओर से बनाया गया माहौल है। पूरे देश के लोग दिल्ली जाएंगे तो कुछ न कुछ खरीदकर भी लाएंगे। दिल्ली के व्यापारियों को खुश होना चाहिए कि लाखों लोग दिल्ली आ रहे हैं। चुनाव आयोग पर उठाए सवाल जूली ने कहा कि अलवर के रावण देवरा गांव के पूरे गांव के लोगों के वोट कहां गए? ग्राम पंचायत में भी नहीं हैं और शहर में भी नहीं हैं। वे वोट कहां गए? यह तो अलवर की बात है। बीजेपी के लोग बेईमानी करते हैं और उसे जाति, धर्म, चीन और बांग्लादेश से जोड़ देते हैं। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार को पद छोड़ना होगा। ज्ञानेश कुमार को जेल जाकर चक्की भी पीसनी पड़ेगी। ये सारा काम मोदी और अमित शाह के निर्देश पर हो रहा है। वोटर लिस्ट से 13 करोड़ लोगों के नाम काटे गए टीकाराम जूली ने आरोप लगाया कि इन लोगों ने 13 करोड़ लोगों के नाम काटे। इनमें से तीन करोड़ नाम ऐसे बताए गए, जिनके बारे में कहा गया कि वे लोग मर गए हैं या उनके नाम दो जगह दर्ज हैं, लेकिन बाकी 10 करोड़ लोगों के नाम क्यों काटे गए, यह नहीं बता पाए। जूली ने कहा कि अलवर ग्रामीण में उनकी विधानसभा क्षेत्र के अंदर 25 हजार से ज्यादा फॉर्म सचिवालय में लाए गए। हमने इस पर आपत्ति जताई। हमारे जिलाध्यक्ष मौके पर गए और वीडियो बनाकर मीडिया को दिया। कलेक्टर और प्रशासन से पूछा कि ये फॉर्म कहां से आए हैं, लेकिन किसी ने कोई जवाब नहीं दिया। जयपुर में खुद एक बीएलओ ने कहा कि मैं वोट नहीं काटूंगा, आप खुद ही काट लीजिए। उन्होंने आरोप लगाया कि इन लोगों ने एसआईआर की वोटर लिस्ट के अनुसार भी चुनाव नहीं कराए, बल्कि पुरानी सूची के अनुसार चुनाव करवाए। जितेंद्र सिंह बोले- वीवीपैट मशीन से विश्वास उठा पूर्व केंद्रीय मंत्री भंवर जितेंद्र सिंह ने कहा कि हमारी मुख्य मांग है कि ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें और एसआईआर को बंद किया जाए। वीवीपैट मशीन से चुनाव बंद कर बैलेट पेपर से चुनाव होना चाहिए, क्योंकि देश की जनता का वीवीपैट मशीन से विश्वास उठ चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन के जरिए वोट चोरी कराई जा रही है। इन सभी के नाम लाल डायरी में नोट किए जा रहे हैं। प्रभारी हिम्मत पटेल ने कहा कि रैली में राजस्थान से लाखों लोग दिल्ली जाएंगे। एक नवंबर को दिल्ली में लाखों लोग शामिल होंगे। अलवर दिल्ली के पास है, इसलिए यहां से ज्यादा लोग जाएंगे।