चूरू | पुराने कलेक्ट्रेट पर एक सप्ताह पहले निजी बस संचालक द्वारा चूरू डिपो के कंडक्टर के साथ की गई मारपीट के मामले को लेकर गुरुवार को रोडवेज ड्राइवर व कंडक्टर डिपो की सभी 42 बसों का संचालन बंद रखेंगे। डिपो के 10 से अधिक रूटों पर 42 बसें चल रही हैं। इनसे रोज करीब 15 हजार यात्री सफर करते हैं। दरअसल, पुराने कलेक्ट्रेट के अस्थाई बस स्टैंड पर बस लगाने की बात को लेकर निजी बस संचालक व रोडवेज कंडक्टर के बीच झगड़ा हो गया था। आरोप है कि निजी बस संचालक ने कंडक्टर पर लोहे के रॉड से हमला कर दिया। इसके बाद से ही चूरू डिपो के सभी ड्राइवर और कंडक्टर धरने पर बैठे हैं। सीटू, इंटक और बीएमएस के संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारियों का कहना है कि यदि गुरुवार को भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती है तो पूरे सीकर जोन में बसों का संचालन बंद किया जाएगा।