पीपल पूर्णिमा पर शुक्रवार को टोंक के गांधी पार्क में सकल पंच खटीक समाज का द्वितीय नि:शुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन संपन्न हुआ। इसमें पूरे रीति रिवाज से 51 जोड़ों का पंडित पवनसागर ने पाणिग्रहण संस्कार करवाया। पुष्प वर्षा से स्वागत, हाथी–घोडे़ संग निकाली निकासी इस विवाह सम्मेलन में दूर दराज से लोग शामिल हुए। सुबह किदवई पार्क से वर–वधु की निकासी एवं कलश यात्रा हाथी–घोड़ों के लवाजमे और बैंड बाजों के साथ निकाली गई। मुख्य बाजारों से होती हुई निकासी गांधी पार्क पहुंची, जहां लोगों ने स्वागत किया। रोटरी क्लब की ओर से सुभाष चौक के पास पुष्प वर्षा भी की गई। पूर्व विधायक बोले–फिजूलखर्ची रुकेगी आशीर्वाद समारोह में मुख्य अतिथि टोंक से पूर्व विधायक अजीत सिंह मेहता थे। उन्होंने सभी नवदम्पतियों को आशीर्वाद देते हुए कहा– खटीक समाज ने नि:शुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन से समाज से गरीब–अमीर का भेदभाव खत्म करने का काम किया है। महंगाई के इस दौर में सामूहिक विवाह सम्मेलन आज की जरूरत है। खटीक समाज ने बाबा साहब के सपने को साकार किया है। समारोह की अध्यक्षता कर रहे पंडित राजकुमार शर्मा बोले– यह सेवा भाव का काम है। सम्मेलन में समिति अध्यक्ष गुड्डू खटीक,रमेश राजोरा, सूरज चौहान, प्रभाती चंदेल, कमलेश चौहान राजेंद्र चावला आवा, विनोद सांखला बड़ागांव, डीसी महिंद्रा, विजय चावला, विष्णु चावला, सुमित चावला, रवि तसेरा, पानमल खींची, सज्जन पहाड़िया आदि मौजूद थे।