टोंक जिले में शनिवार देर रात करीब 10 बजे से रविवार सुबह 5 बजे तक अंधड़ और तेज हवा के साथ रुक-रुक कर बारिश हुई, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। घाड़ थाना क्षेत्र के ज्योतिपुरा गांव में पेड़ गिरने से एक वृद्ध की मौत हो गई। कई जगह पेड़, बिजली पोल और ट्रांसफार्मर गिरने से बिजली सप्लाई बाधित रही। मौसम में बदलाव के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। रातभर अंधड़ और बारिश, सुबह तक असर शनिवार रात से शुरू हुआ मौसम का बदलाव रविवार सुबह 5 बजे तक जारी रहा। इस दौरान कई इलाकों में कभी तेज तो कभी हल्की बारिश होती रही। सुबह 5 बजे के आसपास भी 15-20 मिनट तक बारिश हुई, जिससे दिनचर्या प्रभावित रही। सूरज निकलने के बाद धीरे-धीरे मौसम साफ हुआ। पेड़ गिरने से वृद्ध की मौत घाड़ थाना क्षेत्र के ज्योतिपुरा गांव में तेज अंधड़ के दौरान एक पेड़ गिर गया, जिसकी चपेट में आने से एक वृद्ध की मौत हो गई। यह घटना देर रात की बताई जा रही है। कई जगह पेड़, पोल और ट्रांसफार्मर गिरे तेज हवा के कारण जिले के कई क्षेत्रों में पेड़, बिजली पोल और ट्रांसफार्मर गिर गए। इससे कई जगहों पर बिजली सप्लाई बाधित हो गई और लोग रातभर परेशान रहे। सड़कों पर रुके वाहन, ड्राइवरों को परेशानी अंधड़ और तेज हवा के कारण विजिबिलिटी कम हो गई। ऐसे में कई वाहन चालकों को ढाबों, रेस्टोरेंट और सड़क किनारे वाहन रोकने पड़े। इससे यातायात भी प्रभावित रहा। शादी समारोहों पर पड़ा असर बारिश और अंधड़ का सबसे ज्यादा असर शादी समारोह वाले परिवारों पर पड़ा। उनियारा, दूनी और नगरफोर्ट क्षेत्रों में रातभर रुक-रुक कर बारिश होती रही, जिससे आयोजन प्रभावित हुए। सुबह फिर हुई बारिश, बादल छाए रविवार सुबह 10 से 11 बजे के बीच उनियारा और नगरफोर्ट तहसील क्षेत्रों में फिर बारिश हुई। जिला मुख्यालय पर बारिश नहीं हुई, लेकिन बादल छाए रहने से आगे भी बारिश की संभावना बनी हुई है। तापमान में गिरावट, गर्मी से राहत मौसम में बदलाव के कारण तापमान में गिरावट आई है। अधिकतम तापमान 24 घंटे में करीब 2 से 3 डिग्री गिरकर 40 डिग्री रहने के आसार हैं, जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री दर्ज किया गया। हवा चलने और नमी बढ़ने से गर्मी और उमस से कुछ राहत मिली है। बिजली गुल रहने से लोग परेशान तेज अंधड़ और बारिश के कारण कई गांवों में रात से ही बिजली गुल रही। इससे लोगों को रातभर परेशानी का सामना करना पड़ा।