टोंक में 195 की स्पीड से जा रही एसयूवी कार आगे चल रहे डंपर में घुस गई। हादसे में कार मालिक की मौत हो गई, कार के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मालपुरा के जनकपुरा टोरड़ी निवासी राजाराम (41) पुत्र जगदीश जाट को दूनी हॉस्पिटल में पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने राजाराम को मृत घोषित कर दिया। हादसा जयपुर-कोटा नेशनल हाईवे पर दूनी थाना क्षेत्र के पोल्याडा गांव के पास मंगलवार सुबह 8 बजे हुआ। हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दिख रहा है कि कार मालिक हादसे के समय फेसबुक लाइव कर रहा था। देवली में काम निपटाकर लौट रहा था SI बद्रीलाल यादव ने बताया- राजाराम जाट किसी काम से देवली आया था। काम पूरा होने पर वापस जा रहा था। वापस जाने के दौरान उसने अपने फेसबुक पर लाइव शुरू किया था। एसयूवी की स्पीड 195 को भी क्रॉस कर गई। पोल्याडा गांव के पास उसकी कार आगे चल रहे डंपर में जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं डंपर के पीछे के टायर फूट गए। 300 बीघा जमीन का मालिक था राजाराम, बेटा एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची गंभीर रूप से घायल राजाराम को दूनी हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने राजाराम को मृत घोषित कर दिया। पुलिस की सूचना पर परिजन हॉस्पिटल पहुंचे, पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। दोनों वाहनों को पोल्याडा चौकी में खड़ा करवाया है। फिलहाल परिजनों ने कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है। राजाराम खेती करता था। उसके दो बेटे हैं । एक बेटा एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा है। राजाराम 300 बीघा जमीन का मालिक था। दो महीने पहले ही राजाराम ने ये एसयूवी खरीदी थी। राजाराम का छोटा भाई देवीलाल है। दोनों का बंटवारा भी दो महीने पहले ही हुआ था। राजाराम पंचायत चुनाव में सरपंच पद पर खड़ा होने की तैयारी कर रहा था।