टोंक DST ने मंगलवार शाम को पीपलू थाना क्षेत्र में एक आरोपी के कब्जे से करीब डेढ़ लाख रुपए कीमत की सात ग्राम अवैध स्मैक जब्त की है। मामले में टोंक शहर में बहीर स्थित कलंदरों का मोहल्ला निवासी फैजान (20) पुत्र फरीद पठान को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई DST ने SP राजेश कुमार मीना के निर्देश पर की गई। आरोपी गहलोद पुलिया पर पीपलू थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थ स्मैक की खरीद फरोख्त कर रहा था, जिसके पास से एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा, एक मोबाइल और अवैध मादक पदार्थ स्मैक बरामद की गई है। आरोपी के खिलाफ पीपलू थाने में एनडीपीएस की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी से नशे के नेटवर्क के बारे में गहनता से पूछताछ जारी है। पुलिस को संदेह है कि आरोपी लंबे समय से नशे के कारोबार में लिप्त था। इससे खासकर युवा नशे की लत के शिकार होते जा रहे थे। DST प्रभारी ओमप्रकाश चौधरी ने बताया कि इस तरह नशे के विरुद्ध लगातार अभियान जारी रहेगा।