टोंक जिला मुख्यालय समेत जिलेभर में शनिवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई। इस मौके पर राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश देने के लिए रन फॉर यूनिटी और जागरूकता रैलियां निकाली गईं। जिला मुख्यालय पर पुलिस लाइन और खेल स्टेडियम से दो रैलियां रवाना हुईं। कार्यक्रम में जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, पुलिस जवान और स्कूली विद्यार्थी शामिल हुए। समापन पर प्रतिभागियों को देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की शपथ दिलाई गई। पुलिस लाइन और खेल स्टेडियम से निकलीं रैलियां जिला मुख्यालय पर दो जगह पुलिस लाइन और खेल स्टेडियम में प्रमुख कार्यक्रम हुए। दोनों जगह से एकता रैली निकाली गई। पुलिस लाइन से SP रोशन मीना ने हरी झंडी दिखाकर वाहन रैली को रवाना किया। वहीं, प्रशासन की ओर से शहर में निकाली गई रैली को ADM विनोद मीना ने हरी झंडी दिखाई। अधिकारियों, पुलिस जवानों और विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा कार्यक्रम में एसीईओ ललित कुमार, नगर परिषद आयुक्त धर्मपाल जाट समेत जिला प्रशासन के अधिकारी और कर्मचारी, राजस्थान पुलिस के जवान और स्कूली छात्र-छात्राएं शामिल हुए। रैली में शामिल सभी प्रतिभागी, अधिकारी और कर्मचारी बाद में खेल स्टेडियम पहुंचे। यहां उन्हें देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। स्कूलों और सरकारी कार्यालयों में भी मनाया एकता दिवस राष्ट्रीय एकता दिवस पर स्कूलों, सरकारी कार्यालयों और सामाजिक संगठनों की ओर से भी कार्यक्रम हुए। इनमें सरदार पटेल को याद कर राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई गई और उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। सरदार वल्लभभाई पटेल देश के पहले गृहमंत्री थे। आजादी के बाद 560 से अधिक रियासतों के भारत संघ में एकीकरण में उनकी अहम भूमिका रही थी। राष्ट्रीय एकता दिवस पर उनके इसी योगदान को याद किया गया।