बूंदी में शनिवार 4 जुलाई को 8 घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। टोंक-सवाई माधोपुर रेलवे ट्रैक पर टावर स्थापना कार्य के चलते यह कटौती की जाएगी। सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक बिजली बंद रहेगी, जिससे नैनवां उपखंड से जुड़े कई गांवों में विद्युत आपूर्ति प्रभावित होगी। 220 केवी ग्रिड सबस्टेशन सवाई माधोपुर से निकलने वाली 132 केवी उनियारा लाइन पर काम होने के कारण यह स्थिति बनेगी। इसके चलते 132 केवी ग्रिड सबस्टेशन रजलावता (नैनवां) से जुड़े 33/11 केवी सबस्टेशन नैनवां, गौशाला, देई, फूलेता, जजावर, बामनगांव, समीधी, माणी, गुढ़ादेवजी, खेड़ी, खजुरी, बांसी, मानपुरा, मंरा और देवपुरा से निकलने वाले सभी 11 केवी फीडरों से जुड़े गांवों में बिजली नहीं आएगी। 132 केवी ग्रिड सबस्टेशन रजलावता के सहायक अभियंता सुमित माहेश्वरी ने बताया कि यह विद्युत कटौती आवश्यक तकनीकी कार्य के लिए की जा रही है। उन्होंने संबंधित क्षेत्र के उपभोक्ताओं से इस अवधि के दौरान सहयोग करने और आवश्यक तैयारियां करने की अपील की है।