टोंक जिले के अलीगढ़ थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे करीब 10 फीट नीचे तालाब में गिर गई। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार 16 वर्षीय नाबालिग छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा चौरू से मंडावरा जाने वाले कच्चे रास्ते पर हुआ। सिर फटने से मौके पर ही मौत मृतक की पहचान चोरू निवासी मगन सिंह सैनी पुत्र सोजी लाल सैनी के रूप में हुई है। हादसे में ट्रैक्टर के नीचे दबने से उसका सिर गंभीर रूप से फट गया, जिससे अत्यधिक खून बह गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि जिस स्थान पर ट्रैक्टर गिरा वहां तालाब में पानी नहीं था। ट्रैक्टर ड्राइवर की पहचान स्पष्ट नहीं अलीगढ़ थाना प्रभारी राजकुमार ने बताया - अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ट्रैक्टर कौन चला रहा था। परिजनों की ओर से भी इस संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी पुलिस को नहीं दी गई है। पुलिस को केवल इतना बताया गया कि बालक ट्रैक्टर पर बैठा था और पलटने के बाद उसके नीचे दब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे और घायल छात्र को हॉस्पिटल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर एएसआई हरिसिंह मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार गुरुवार शाम को परिजनों ने गमगीन माहौल में मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस ने बताया कि रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।