टोंक के कचरावता गांव में बुधवार रात एक शादी समारोह में दूषित भोजन खाने से लगभग 40 लोग बीमार पड़ गए। इनमें 22 महिलाएं और 6 बच्चे शामिल हैं। यह घटना बूंदी के नैनवां सीमावर्ती क्षेत्र में हुई। जानकारी के अनुसार, कचरावता निवासी राजेश बैरवा की बेटी मुस्कान के विवाह समारोह में हाड़ौती गांव से बारात आई थी। रात के खाने के बाद कई मेहमानों को उल्टी, पेट दर्द और घबराहट की शिकायतें होने लगीं। परिजनों और ग्रामीणों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी बीमार लोगों को नैनवां उपजिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि सभी मरीजों की हालत अब खतरे से बाहर है और सुबह स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। अस्पताल के पीएमओ डॉ. के. के. प्रजापत ने बताया कि रात करीब 12 बजे से सुबह 4 बजे तक मरीज अस्पताल लाए गए। सभी को प्राथमिक इलाज और आवश्यक दवाएं दी गईं, जिसके बाद उनकी हालत में तेजी से सुधार हुआ।