दीपावली पर लेकसिटी में पर्यटन बूम रहने वाला है। गुजरात समेत देशभर से पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने लगी है। होटल और रिसॉर्ट में ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो चुकी है। होटल इंडस्ट्री से जुड़े लोगों के अनुसार, अब तक करीब 50 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी की बुकिंग हो चुकी है, जबकि पर्यटकों की ओर से लगातार पूछताछ भी की जा रही है। दीपावली पर होटल के ब्रांड और कमरों की श्रेणी के आधार पर किराया 12 हजार से लेकर डेढ़ लाख रुपए तक पहुंच गया है। दीपावली पर गुजरात से सबसे ज्यादा पर्यटक उदयपुर आते हैं। गुजरात में दीपावली पर पूजन के बाद कई पर्यटक नाथद्वारा में श्रीनाथजी के दर्शन करने पहुंचते हैं। ऐसे में उदयपुर के साथ नाथद्वारा और कुंभलगढ़ में भी पर्यटकों की आवाजाही रहती है। पर्यटक दो से तीन दिन तक इन पर्यटन स्थलों पर घूमने का कार्यक्रम बनाते हैं। होटल-रिसॉर्ट दे रहे विशेष पैकेज, कमरों की संख्या सीमित होटल संस्थान दक्षिण राजस्थान के सचिव राकेश चौधरी ने बताया कि अभी तक 50 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी की बुकिंग हो चुकी है। होटल और रिसॉर्ट में पर्यटकों के लिए विशेष पैकेज दिए जा रहे हैं। इनमें ठहरने के साथ खाना-पीना जैसी सुविधाएं शामिल हैं। पांच सितारा होटल और कई रिसॉर्ट में ऑनलाइन उपलब्ध कमरों की संख्या सीमित बताई जा रही है। किराया होटल के ब्रांड और कमरे की श्रेणी के अनुसार अलग-अलग है। सहेलियों की बाड़ी से सिटी पैलेस तक जाम के हालात: पर्यटकों की संख्या बढ़ने के साथ शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर यातायात का दबाव भी बढ़ जाता है। सहेलियों की बाड़ी, सज्जनगढ़ किला, फतहसागर, सिटी पैलेस और दूध तलाई मार्ग पर जाम के हालात बनते हैं। दीपावली के दौरान इन प्रमुख स्थलों पर पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने की आशंका है। ट्रेनों में बुकिंग, बसों का किराया बढ़ा: दीपावली पर उदयपुर के साथ संभाग के उन लोगों की आवाजाही भी बढ़ती है, जो रोजगार, नौकरी-शिक्षा के लिए गुजरात व महाराष्ट्र में रहते हैं। त्योहार पर ये लोग घर लौटते हैं। इसके चलते ट्रेनों में अधिकांश बुकिंग हो चुकी हैं, बसों का किराया भी बढ़ गया है। बसों में 20 नवंबर तक आवाजाही अधिक रहेगी।