वाहनों की फिटनेस प्रक्रिया को पारदर्शी और सटीक बनाने के लिए परिवहन विभाग ने बड़ा बदलाव शुरू किया है। अब पारंपरिक फिटनेस केंद्रों की जगह ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशनों (एटीएस) के जरिए ही वाहनों की जांच होगी। विभाग ने 6 नए एटीएस को पंजीकरण प्रमाण पत्र जारी कर दिए हैं, जिनके अगले सप्ताह से शुरू होने की संभावना है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने 1 अप्रैल 2025 से पारंपरिक फिटनेस केंद्रों पर रोक लगाने के निर्देश दिए थे। हालांकि राज्य में एटीएस की कमी के कारण अब तक पुराने केंद्रों पर ही फिटनेस जांच जारी थी। परिवहन विभाग ने 2 जुलाई 2025 को एटीएस के लिए गाइडलाइन जारी की, जिसके तहत फरवरी 2026 तक करीब 80 एटीएस को प्रीलिमिनरी रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट जारी किए जा चुके हैं। प्रदेश में करीब 50 पारंपरिक फिटनेस केंद्र संचालित हैं, जिनमें से कई कोर्ट आदेशों पर चल रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, वैधता समाप्त होने के बाद 16 अप्रैल से इनका संचालन बंद किया जा सकता है। सीकर सहित 6 स्थानों पर शुरू होंगे नए एटीएस कोटा, सीकर, नोहर, अजमेर, जोधपुर और नागौर में 6 नए एटीएस को आरसी जारी की गई है। जयपुर के पी स्क्वायर एटीएस को पहले ही प्रमाण पत्र मिल चुका है। सभी केंद्रों पर 15 अप्रैल तक फिटनेस जांच शुरू होने की संभावना है। विभाग का दावा परिवहन विभाग के अनुसार, नई व्यवस्था से फिटनेस जांच अधिक सटीक, पारदर्शी और व्यवस्थित होगी तथा वाहन चालकों को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।