भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर और त्रिनिदाद-टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला प्रसाद बिसेसर ने पोर्ट ऑफ स्पेन में स्थायी जयपुर फुट केंद्र का उद्घाटन किया। यह अवसर भारत और कैरेबियन देशों के बीच मानवीय सहयोग का एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है। यह केंद्र जयपुर फुट यूएसए द्वारा भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति (BMVSS) के सहयोग से स्थापित किया गया है। जयपुर फुट यूएसए ने पिछले साल सितंबर में न्यूयॉर्क में कमला प्रसाद-बिसेसर के सम्मान में आयोजित एक समारोह में इसकी घोषणा की थी। समारोह में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस का भी उत्सव मनाया गया था। 800 से ज्यादा दिव्यांगों को दिए कृत्रिम पैर सितंबर 2025 में इस केंद्र की घोषणा के एक सप्ताह बाद 3 अक्टूबर 2025 को पोर्ट ऑफ स्पेन में 50 दिवसीय जयपुर फुट शिविर शुरू किया गया। यह शिविर भारत सरकार द्वारा प्रायोजित था और इसमें 800 से ज्यादा दिव्यांगजनों को कृत्रिम पैर और अन्य सहायक उपकरण प्रदान किए गए। शिविर के उद्घाटन अवसर पर एक बैठक आयोजित हुई। बैठक में भारत के उच्चायुक्त डॉ. प्रदीप सिंह राजपुरोहित, BMVSS के संस्थापक डी.आर. मेहता, जयपुर फुट यूएसए के चेयरमैन प्रेम भंडारी, वाइस चेयरमैन मनीष दद्दा, वाइस प्रेसिडेंट अजय पटेल, अमित अलघ और डॉ. सोना रामदाथ जूनियर मौजूद रहे। बैठक में निर्णय लिया गया कि जयपुर फुट यूएसए प्रारंभिक दो साल तक केंद्र के संचालन, प्रशिक्षण, मशीनरी और आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने में सहयोग करेगा। कमला प्रसाद बिसेसर बोलीं- 'वादा किया और निभाया' प्रधानमंत्री कमला प्रसाद बिसेसर ने उद्घाटन समारोह में जयपुर फुट यूएसए की सराहना की। उन्होंने कहा कि संस्था ने “Promise Made and Promise Kept” अर्थात “वादा किया और वादा निभाया” को वास्तविक रूप दिया है। त्रिनिदाद एवं टोबैगो के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. लेकराम बोडोए ने कहा कि यह केंद्र पूरे कैरेबियन क्षेत्र के दिव्यांगजनों के लिए नई आशा और सम्मान लेकर आया है। जयपुर फुट सेवा की संस्कृति-डॉ. एस जयशंकर विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने अपने संबोधन में कहा कि जयपुर फुट केवल एक तकनीक नहीं बल्कि एक मानवीय अनुभव और सेवा की संस्कृति है, जिसने विश्वभर में लाखों लोगों के जीवन को नई दिशा दी है। जयपुर फुट यूएसए के चेयरमैन प्रेम भंडारी ने कहा कि प्रधानमंत्री कमला प्रसाद-बिसेसर और उनकी सरकार के सहयोग से रिकॉर्ड समय में यह सपना साकार हुआ। उन्होंने कहा कि यह केंद्र कैरेबियन क्षेत्र के दिव्यांग लोगों के लिए गतिशीलता और आत्मविश्वास प्रदान करेगा।