भास्कर संवाददाता| चूरू शहर के वार्ड 38 स्थित अगुणा मोहल्ला में नीम छांगने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। एएसआई सुरेश कुमार ने बताया कि गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि अगुणा मोहल्ला में रास्ते के विवाद को लेकर 2 पक्ष झगड़ रहे हैं। टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने पाया कि गोपाल माली के मकान के आगे गेट के पास खड़े नीम के पेड़ को छांगने को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे एक-दूसरे से मारपीट पर उतारू हो गए। इसके बाद पुलिस ने गोपाल माली, प्रमोद कुमार माली और संतोष माली शांति भंग की आशंका में बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया। तीनों को एसडीएम कोर्ट में पेश किया जाएगा।