उदयपुर में आमजन की सुविधा के लिए नए पहला सरकारी आधार सेवा केंद्र का शुभारंभ किया गया। उद्घाटन के दौरान सांसद और विधायक ने स्वयं अपना बायोमेट्रिक अपडेट कराकर केंद्र की सेवाओं की शुरुआत की। इस केंद्र पर आधार कार्ड से जुड़ी सभी प्रमुख सेवाएं- जैसे नया आधार बनवाना, बायोमेट्रिक अपडेट, मोबाइल नंबर और पता संशोधन सहित अन्य कार्य अब एक ही छत के नीचे तय शुल्क पर उपलब्ध होंगे, जिससे लोगों को इधर-उधर भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी। हिरणमगरी सेक्टर 08 में बने इस नए केंद्र का उद्घाटन सांसद डॉ. मन्ना लाल रावत और शहर विधायक ताराचंद जैन ने शुक्रवार को रिबन काटकर और दीप जलाकर किया। उदयपुर का यह केन्द्र यह राजस्थान का 10वां आधार सेवा केंद्र है।
सांसद और विधायक ने खुद कराया बायोमेट्रिक अपडेट खास बात यह रही कि उद्घाटन के बाद सांसद रावत और शहर विधायक जैन ने खुद अपना आधार कार्ड अपडेट करवाया। इसके लिए उन्होंने मशीन पर अपनी उंगलियों के निशान दिए और आंखों की पुतलियों को स्कैन करवाकर ऑनलाइन वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी की। इसके साथ ही उन्होंने केंद्र पर आए शुरुआती तीन लोग- कुशाल, प्रवीण डांगी और शशिकला को नए आधार कार्ड के प्रिंट सौंपे। डिजिटल काम-काज को मजबूत करने में होगा मददगार उद्घाटन के मौके पर सांसद डॉ. मन्ना लाल रावत ने कहा कि यह केंद्र सरकार के डिजिटल काम-काज को मजबूत करने और लोगों को सीधे फायदा पहुंचाने में बहुत मददगार साबित होगा। सुरक्षा और गोपनीयता के लिहाज से महत्वपूर्ण होगा साबित वहीं, शहर विधायक ताराचंद जैन ने कहा कि यह केन्द्र सुरक्षा और गोपनीयता के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण साबित होगा, जहां कोई भी व्यक्ति अपने आधार कार्ड में अपडेटेशन और अन्य काम को बिना किसी डर के करवा सकेगा। सितंबर तक राजस्थान में खुलेंगे 19 और नए केंद्र उदयपुर में शुरुआत के बाद अब राजस्थान में कुल 10 आधार सेवा केंद्र काम कर रहे हैं। सरकार की योजना इस नेटवर्क को और बड़ा करने की है। सितंबर महीने तक राज्य में 19 और नए केंद्र खोले जाएंगे, जिससे कुल केंद्रों की संख्या बढ़कर 29 हो जाएगी। चूंकि इन केंद्रों को सीधे यूआईडीएआई संभालता है, इसलिए यहां लोगों को बिना किसी परेशानी के बेहतर और पारदर्शी सुविधाएं मिलेंगी। सप्ताह के सातों दिन खुला रहेगा केंद्र यह आधार केंद्र सरकारी छुट्टियों को छोड़कर सप्ताह के सभी दिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक खुला रहेगा। केंद्र पर भीड़ और लंबी लाइनों से बचने के लिए लोग UIDAI के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर पहले से ऑनलाइन अपॉइंटमेंट भी बुक कर सकते हैं। इससे केन्द्र पर उस तय समय पर पहुंचने पर काम हो जाएगा और समय की बचत होगी। किसी को लाइन में खड़े रहने की जरूरत नहीं होगी। एक साथ चलेंगे 8 काउंटर, बच्चों के लिए अपडेट फ्री यूआईडीएआई दिल्ली ऑफिस के डायरेक्टर कुमार उज्ज्वल ने बताया कि लोगों के काम बिना किसी रुकावट के और तेजी से हो, इसके लिए केंद्र के अंदर 8 काम करने वाले काउंटर (ऑपरेशनल किट) लगाए गए हैं। यहां नया आधार कार्ड बनवाने, नाम-पता सुधारने, फोटो और मोबाइल नंबर बदलने जैसी हर सुविधा मौजूद है। इसके अलावा 5 से 17 साल तक के बच्चों के लिए बायोमेट्रिक अपडेट कराना 30 सितंबर 2026 तक पूरी तरह से फ्री रखा गया है। बुजुर्गों और दिव्यांगों की सुविधा के लिए यहां व्हीलचेयर, साफ शौचालय और शिकायतों को तुरंत दूर करने का इंतजाम भी किया गया है। कार्यक्रम के दौरान यूआईडीएआई दिल्ली ऑफिस के डायरेक्टर कुमार उज्ज्वल, सेक्शन ऑफिसर मनीषा, आईईसी मैनेजर साहिल टूटेजा, प्रदीप कुमार और बीएलएस इंटरनेशनल कंपनी के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।