उदयपुर में एक बाइक सवार ने महिला का मोबाइल लूटने की कोशिश की। लेकिन मोबाइल सड़क पर गिर गया। जिसे महिला ने तुरंत उठा लिया। वहीं, बाइक सवार बदमाश मौके से फरार हो गया। इसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। घटना उदयपुर के हिरणमगरी थाना क्षेत्र के सेक्टर-8 स्थित संजीव नगर में 4 जुलाई की रात 11:15 बजे की है। महिला खुशबू मोहल्ले में पैदल घूमते हुए अपने मोबाइल में कुछ देख रही थी। तभी सामने से बाइक सवार बदमाश तेज स्पीड में आया। महिला के मोबाइल पर तेजी से झपट्टा मारा। घटना के दौरान मोबाइल बदमाश के हाथ नहीं लग पाया। महिला ने घर पहुंचकर परिवार को घटना के बारे में बताया। परिवार ने आसपास लगे सीसीटीवी चेक किए। सीसीटीवी से आसपास के लोगों को घटना का पता लगा। घटना के बाद कॉलोनी के लोगों ने पुलिस को शिकायत देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी है।