भारत की जनगणना 2027 के तहत 1 मई से मकान सूचीकरण और मकानों की काउंटिंग शुरू होगी। इसके तहत लोग खुद स्व-गणना प्रक्रिया कर सकेंगे। इसके लिए उदयपुर के प्रशासनिक अधिकारियों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी गौरव अग्रवाल ने बताया- जनगणना के माध्यम से देश के हर नागरिक से संबंधित सामाजिक, आर्थिक और जनसांख्यिकीय जानकारी एकत्र की जाएगी। इन आंकड़ों के आधार पर केंद्र और राज्य सरकारें विभिन्न विकास योजनाओं, आधारभूत सुविधाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा तथा अन्य जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की योजना बनाती है। उन्होंने बताया- जनगणना के तहत मकान सूचीकरण एवं मकानों की काउंटिंग के स्व- गणना का कार्य 1 मई से 15 मई तक किया जाएगा। वहीं फील्ड कार्य 16 मई से 14 जून तक किया जाएगा। कलेक्ट्रेट में इस दौरान जिला जनगणना अधिकारी एडीएम प्रशासन दीपेंद्रसिंह राठौड़, उप जिला जनगणना अधिकारी और संयुक्त निदेशक सांख्यिकी पुनीत शर्मा उपस्थित रहे। पूरी तरह डिजिटल होगी जनगणना जिला कलेक्टर ने बताया- इस बार जनगणना 2027 पूरी तरह डिजिटल आधारित होगी। इसके लिए मोबाइल एप का उपयोग किया जाएगा। इसके अलावा आम लोगों के लिए स्व-गणना की सुविधा 1 मई से 15 मई तक वेबपोर्टल https://se.census.gov.in के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। अब समझें प्रकिया को जिला परिषद में विशेष कैम्प कल जिले के सभी सरकारी अधिकारी और कर्मचारी सबसे पहले अपने परिवार की स्व-गणना करेंगे। प्रशासन की यह पहल आमजन के लिए प्रेरणा बनेगी और जनभागीदारी बढ़ाने में मदद करेगी। एडीएम प्रशासन दीपेंद्रसिंह राठौड़ ने बताया- 1 मई को जिला परिषद सभागार में विशेष कैम्प लगाया जाएगा। इसमें कलेक्ट्रेट और जिला परिषद स्टाफ स्वगणना करेंगे। इसी प्रकार ब्लॉक स्तर पर विशेष कैंप भी लगाए जाएंगे। सिर्फ ऑफिशियल पोर्टल का करें उपयोग जिला कलेक्टर ने आमजन को साइबर ठगी से सावधान रहने की अपील करते हुए कहा- स्व-गणना केवल ऑफिशियल पोर्टल से ही करें। उन्होंने चेताया कि किसी भी फर्जी लिंक या कॉल के झांसे में न आएं और व्यक्तिगत जानकारी साझा करने में सतर्क रहें।