देशव्यापी आह्वान पर उदयपुर में सोमवार को गौ रक्षा कानून की मांग पर ​आक्रोश रैली निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में लोग जुटे। लोगों ने गौ रक्षा पर कड़ा कानून बनाने को लेकर नारे लगाए। वहीं, कुछ लोग ढोल-मंजीरों की धुन पर भजन-गीत गाते हुए चले। रैली में गाय की प्रतीकात्मक झांकी भी लगाई गई। वहीं गौ रक्षा का संदेश देने वाले बैनर लेकर लोग चले। इस मौके पर बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुईं। रैली सुबह नगर निगम टाउन हॉल प्रांगण से शुरू हुई, जो देहलीगेट होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची। यहां लोगों ने गौवंश की तस्करी रोकने, हर जिले में गौशालाओं को मजबूत करने और पशुशाला के हालात सुधारने की भी मांग उठाई। इसके बाद कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। पहले देखें रैली की PHOTOS बीजेपी ने नहीं लगाया गौ हत्या पर प्रतिबंध: साध्वी नंद गिरी महामंडलेश्वर साध्वी ईश्वरी नंद गिरी ने कहा- बीजेपी ने सत्ता में आने के बाद वादा किया था कि गौ हत्या पर प्रतिबंध लगाया जाएगा, लेकिन नहीं लगाया गया। ऐसे में संत और महात्माओं को आगे आना पड़ा है। आमजन भी इसमें बढ़-चढ़कर भागीदारी निभा रहे हैं। झाड़ोल में निकाला जुलूस उदयपुर के झाड़ोल में संत गुलाबदास के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों ने कोर्ट चौराहा से कस्बे में जुलूस निकाला। बाद में जुलूस उपखंड कार्यालय पहुंचा। जहां नायब तहसीलदार अभिषेक दरंगा को राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान उपखंड कार्यालय के बाहर हरि कीर्तन और सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ भी किया।