उदयपुर की धानमण्डी थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार के साथ एक हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध पिस्टल बरामद की है। पकड़ा गया बदमाश शहर का नामी अपराधी है, जिसके गंभीर मामले दर्ज हैं। थानाधिकारी गजवीर सिंह ने बताया कि उदयपुर एसपी डॉ. अमृता दुहन के निर्देशों पर शहर में अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत एक विशेष टीम बनाई गई, जिसने कार्रवाई करते हुए आरोपी रोहित सिंह उर्फ ढोकला को दबोच लिया। आरोपी रोहित घण्टाघर थाना इलाके के रावजी का हाटा के गणेश कॉलोनी का रहने वाला है। पुलिस ने जब आरोपी की तलाशी ली, तो उसके पास से 01 अवैध पिस्टल मिली, जिसे मौके पर ही जब्त कर लिया गया। धानमण्डी थाना पुलिस ने आरोपी रोहित के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस अब इस मामले में आगे की जांच कर रही है कि वह यह पिस्टल कहां से लेकर आया था और इसका इस्तेमाल किस वारदात में करने वाला था। पकड़े गए आरोपी रोहित सिंह उर्फ ढोकला का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। वह पुलिस का रिकॉर्डेड बदमाश है और उसके खिलाफ उदयपुर शहर के अलग-अलग थानों में हत्या का प्रयास, मारपीट और जुआ खेलने जैसे कुल 13 मामले पहले से दर्ज हैं।