उदयपुर में दीपावली के त्योहार से पहले शहर की ट्रैफिक और सफाई व्यवस्था को सुधारने के लिए नगर निगम पूरी तरह से एक्शन में है। नगर निगम ने सड़क टेंट लगार अवैध रूप से पटाखे बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की है। नगर निगम की टीम ने मौके से पटाखों के 52 बॉक्स जब्त किए। महापौर पारस सिंघवी ने अशोक नगर स्थित निगम गैराज का अचानक निरीक्षण किया। यहां लंबे समय से खराब पड़े कचरा और सीवरेज के वाहनों को देखकर महापौर ने अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई और तुरंत गाड़ियां ठीक करवाने के निर्देश दिए। सड़क घेरकर लगाए थे टेंट, निगम ने हटवाकर जब्त किए पटाखे दीपावली पर बाजारों में जाम न लगे और लोगों को आने-जाने में परेशानी न हो, इसके लिए निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना के निर्देश पर गुरुवार को विशेष अभियान शुरू किया गया। पिछले कुछ सालों से दुकानदार अपनी दुकानों के आगे सड़क पर टेंट लगाकर पटाखे और मिठाई के काउंटर लगा लेते हैं, जिससे ट्रैफिक जाम होता है। निगम के पुलिस निरीक्षक मांगीलाल डांगी, राजस्व निरीक्षक मोहित अग्निहोत्री और विजय जैन की टीम ने गुरुवार को अलग-अलग इलाकों में कार्रवाई करते हुए सड़क पर लगे अवैध टेंट हटवाए। इन 4 जगहों पर हुई जब्ती की कार्रवाई निगम की टीम ने सबसे पहले सुभाष चौराहा क्षेत्र में राजेश पुत्र दिनेश पुर्बिया की दुकान पर कार्रवाई की। यहां सड़क पर 374 वर्गफीट में टेंट लगाकर चल रही अवैध दुकान से 9 बॉक्स पटाखे जब्त किए गए। इसके बाद रामपुरा चौराहे पर हितेश छाजेड़ द्वारा 286 वर्गफीट में लगाए गए टेंट से 7 बॉक्स पटाखे जब्त किए। रामपुरा रोड पर ही कुणाल साहू की 'सौविलया फायर वर्क्स' नाम से 403 वर्गफीट में लगी दुकान से 11 बॉक्स पटाखे उठाए गए। वहीं ब्रह्मपोल में होटल ब्लूम के पास नितेश साहू द्वारा 'जेएमडी फायर वर्क्स' के नाम से 352 वर्गफीट में लगाए टेंट से 15 बॉक्स पटाखे जब्त किए गए। दीपावली तक चलेगा अभियान आयुक्त अभिषेक खन्ना ने साफ किया कि यह अभियान दीपावली तक लगातार चलेगा। बिना अनुमति सड़क पर पटाखे या मिठाई के काउंटर लगाने वालों के टेंट और सामान तुरंत जब्त किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि सरकारी सड़क पर अतिक्रमण करना अपराध है। इसमें तीन महीने से लेकर तीन साल तक की जेल और 30 से 50 हजार रुपए तक के जुर्माने का नियम है। अशोक नगर गैराज पहुंचे महापौर, गंदगी और कबाड़ हो रही गाड़ियों पर भड़के उधर, महापौर पारस सिंघवी ने गुरुवार को अशोक नगर स्थित नगर निगम गैराज का औचक निरीक्षण किया। गैराज में फैली गंदगी और लंबे समय से धूल फांक रहे खराब वाहनों को देखकर महापौर ने गहरी नाराजगी जताई। पूछताछ करने पर पता चला कि कंपनी से पार्ट्स नहीं मिलने के कारण गाड़ियों की मरम्मत नहीं हो पा रही है। इस पर अधिकारी कोई संतोषजनक जवाब भी नहीं दे पाए। सीवरेज और कचरा गाड़ियों को तुरंत ठीक करवाने के निर्देश महापौर सिंघवी ने कहा कि शहर में सफाई रखने और सीवरेज लाइन जाम होने पर तुरंत मौके पर गाड़ियां भेजना बेहद जरूरी है। पार्ट्स की कमी के नाम पर गाड़ियों का महीनों तक खराब पड़े रहना बड़ी लापरवाही है। उन्होंने अधीक्षण अभियंता लखनलाल बैरवा और सहायक अभियंता विजय सिंह चौहान को निर्देश दिए कि सभी खराब वाहनों की तुरंत मरम्मत करवाई जाए और गैराज की सफाई व्यवस्था सुधारी जाए। महापौर ने चेतावनी दी कि शहरवासियों की सुविधाओं के काम में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।