उदयपुर में एक पड़ोसी परिवार ने दूसरे पड़ोसी परिवार के घर में घुसकर हमला कर दिया, जिसमें 2 भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपी पड़ोसी परिवार तुम हमारी मुखबिरी कर रहे हो कहते हुए घर में घुसा। तलवार और चाकू से भाइयों पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आई मां को भी चोटें आईं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। यह घटना दीवान शाह कॉलोनी में रविवार शाम को हुई। पीड़ित परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद सूरजपोल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। थानाधिकारी रतनसिंह चौहान ने बताया- पीड़ित आदिल की ओर से केस दर्ज कराया गया है। मामले की जांच करते हुए आरोपियों की तलाश की जा रही है। वहीं, घायलों को तुरंत हॉस्पिटल भर्ती कराया गया। जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल हमले की स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है। शाहरुख और शहीद ने हम पर हमला किया पीड़ित मोहम्मद आदिल ने बताया कि रविवार शाम को 2 पुलिसवाले उनकी कॉलोनी में आए थे और उनसे किसी का पता पूछ रहे थे। उसके कुछ देर बाद उनके घर के सामने रहने वाले शाहरुख और शहीद उनके पास आए और बोले- तुम हमारी मुखबिरी कर रहे हो। ये ठीक नहीं है। आदिल के अनुसार, इसके कुछ देर बाद शाहरुख तलवार लेकर उनके घर में घुसा और उन पर हमला कर दिया। फिर उसका भाई शहीद चाकू लेकर आया और उसने भी उनकी मां और भाई मोहम्मद अकरम पर हमला कर दिया, जिससे वे घायल हो गए।