उदयपुर के अंबामाता थाना क्षेत्र में न्यू फतहपुरा स्थित शुभग्रह अपार्टमेंट के एक फ्लैट में बीती रात जोरदार लग गई। आग इतनी तेज थी कि फ्लैट में रखा फर्नीचर, कपड़े सहित अन्य कीमती सामान जलकर राख हो गया। एसी, कूलर, अलमारियां, बैड जल गए। गनीमत रही कि आगजनी के दौरान फ्लैट बंद था। अंदर कोई नहीं था। पड़ोस में रहने वाले भाजपा नेता दिलीप सिंह राठौड़ ने जब खिड़की से धुआं बाहर निकलते देखा तो तुरंत फायर ब्रिगेड टीम को सूचना दी। टीम मौके पर पहुंची और करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग लगने का प्राथमिक कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। अपार्टमेंट में नहीं लगा फायर फाइटिंग सिस्टम अपार्टमेंट में रहने वाले दिलीप सिंह ने बताया कि मैंने जब तेज धुआं उठते देखा तो तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी और पूरे अपार्टमेंट की बिजली बंद की। फ्लैट बंद था और तेज लपटों के साथ उसमें आग लगी थी। जिसे हमारे स्तर पर बुझा पाना संभव नहीं था। ना ही अपार्टमेंट में फायर फाइटिंग सिस्टम की व्यवस्था है। फ्लेट में किराएदार रहते हैं जो अपने जॉब पर गए हुए थे। सूचना पर वे भी मौके पर आ गए।