उदयपुर में तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार उछलकर नीचे गिर गया। हादसे में युवक के सिर में गंभीर रूप से चोटें आई, जिससे हालत नाजुक है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी की बाइक का अगला हिस्सा पिचक गया। इस दौरान हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई। हादसा उदयपुर-गोगुंदा हाईवे पर मदारड़ा गांव के पास शुक्रवार दोपहर डेढ़ बजे हुआ। हादसे के बाद अज्ञात वाहन का ड्राइवर मौके से भाग गया। लोगों की मौके पर ही भीड़ जमा हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है। वहीं इस हादसे के बाद सिस्टम की बड़ी लापरवाही भी सामने आई। ग्रामीणों ने घायल युवक की मदद के लिए तुरंत 108 एंबुलेंस को फोन किया, लेकिन सूचना देने के काफी देर बाद तक भी एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। बाद में उसे निजी एबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना के बाद भी 108 एंबुलेंस नहीं पहुंची मौके पर घायल युवक की पहचान रावलिया खुर्द के रहने वाले हिम्मत मेघवाल के रूप में हुई है। हिम्मत दोपहर के समय गोगुंदा से उदयपुर की तरफ अपनी बाइक से जा रहे थे। जैसे ही वह मदारड़ा गांव के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगते ही हिम्मत बाइक समेत हाईवे किनारे दूर जा गिरे। उनके सिर से काफी खून बहने लगा। हादसे के बाद वहां से गुजर रहे लोग और स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर इकट्ठा हो गए। इस हादसे के बाद ग्रामीणों ने घायल युवक की मदद के लिए तुरंत 108 एंबुलेंस को फोन किया, लेकिन सूचना देने के काफी देर बाद तक भी एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। युवक तड़प रहा था और उसका खून बह रहा था। ऐसे में ग्रामीणों ने एंबुलेंस का इंतजार करने के बजाय खुद ही मदद करने का फैसला किया। ग्रामीणों ने इंसानियत दिखाते हुए एक निजी गाड़ी का इंतजाम किया और घायल हिम्मत को तुरंत गोगुंदा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। गोगुंदा अस्पताल के डॉक्टरों ने तुरंत घायल युवक का इलाज शुरू किया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार तो कर दिया, लेकिन युवक के सिर में गंभीर चोट होने और हालत ज्यादा खराब होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए उदयपुर रेफर कर दिया है। अज्ञात वाहन ड्राइवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस इधर, हादसे की जानकारी मिलने के बाद गोगुंदा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और वहां मौजूद लोगों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने अज्ञात वाहन और उसके ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हाईवे के आसपास लगे कैमरों और गवाहों के आधार पर फरार गाड़ी का पता लगाया जा रहा है। हादसे के तुरंत बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए वाहनों की कतारें लग गई थीं और हल्का जाम लग गया था, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खुलवाया और यातायात को दोबारा सुचारू रूप से चालू करवाया। इनपुट - गोपाल लोढ़ा, गोगुंदा।