उदयपुर में गोगुंदा थाना क्षेत्र में दो दिन पहले देर रात लेपर्ड द्वारा भैंस के बछड़े का शिकार करने की घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इसमें लेपर्ड करीब 6 फीट ऊंची बाड़े की दीवार फांदकर अंदर घुसता हुआ नजर आ रहा है। लेपर्ड बाड़े में बछड़े का शिकार करने के बाद दूसरे रास्ते से निकल गया। इस घटना के बाद से आसपास ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। लोग अकेले रात में बाहर निकले से डर रहे हैं। ग्रामीणों ने पिंजरा लगाकर लेपर्ड पकड़ने की मांग की है, लेकिन अभी तक लेपर्ड पकड़ा नहीं गया है। बताया जा रहा है कि गांव के आसपास पहाड़ी इलाके में लेपर्ड का मूवमेंट है। परिवार को सुबह गायब मिला था बछड़ा घटना 25 अक्टूबर रात 1:30 बजे की है। जब किसान राजू सिंह पुत्र भूर सिंह के घर के बाड़े में लेपर्ड घुसा और बछड़े का शिकार कर ले गया। सुबह जब परिवार उठा और बछड़ा गायब देखा तो उन्हें किसी अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक किए तो उसमें लेपर्ड बाड़े में घुसता नजर आया। किसान राजू सिह ने कहा- पिंजरा लगाकर लेपर्ड को जल्द पकड़ा जाए। ताकि भविष्य में ऐसी किसी घटना को रोका जा सके।