उदयपुर में सालों से अनदेखी और कचरे का ढेर बनी तितरड़ी इलाके की हीरा बावड़ी की सूरत अब पूरी तरह बदल गई है। सार संवाद मंच और स्थानीय लोगों ने मिलकर इस बावड़ी के कचरे को पूरी तरह से साफ कर दिया। रविवार को तितरड़ी के ग्रामीण सुबह से ही इस काम में जुट गए थे। करीब 4 घंटे तक चली इस कड़ी मशक्कत और सफाई मुहिम में बावड़ी के अंदर जमा सालों पुराने कूड़े को बाहर निकाला गया। सुबह 7 बजे से 11 बजे तक यह अभियान चला। सफाई के दौरान बावड़ी के भीतर से जो कुछ निकला, उसे देखकर हर कोई हैरान रह गया। वहां सालों से प्लास्टिक की थैलियां, कांच की बोतलें और कीचड़ जमा था। ग्रामीणों ने मिलकर करीब 3 ट्रैक्टर कचरा बाहर निकाला। कचरा निकालने के बाद पूरी बावड़ी को पानी से अच्छी तरह धोया गया। ताकि इसका पुराना और मूल स्वरूप वापस लौट सके। अब यह बावड़ी पहले की तरह चमकने लगी है। यहां से आने वाली बदबू भी खत्म हो गई है। सार संवाद के संयोजक अविचल दूबे ने बताया - यह बावड़ी लंबे समय से उपेक्षा का शिकार थी। गंदगी इतनी ज्यादा बढ़ गई थी कि इसका अस्तित्व ही खतरे में नजर आने लगा था। आसपास रहने वाले लोग यहां फैली बदबू और गंदगी की वजह से काफी परेशान थे। इस अभियान के बारे में वालंटियर्स अनन्य सिंघल ने कहा- सार संवाद का यह दूसरा साल है। यह मुहिम लगातार जारी है। पिछले साल की तरह इस बार भी सीजन में रविवार को शहर की किसी एक बावड़ी को चुना जाएगा। स्थानीय लोगों के सहयोग से उसे पूरी तरह साफ किया जाएगा। वालंटियर्स कौशिक घोष ने बताया- इस टीम ने अब तक कुल 7 बावड़ियों को नया जीवन दिया है। हीरा बावड़ी से ठीक पहले बेड़वास गांव में बावड़ी को भी इसी तरह ग्रामीणों की मदद से चमकाया था। तितरड़ी और फांदा के लोगों ने इस पहल की जमकर तारीफ की है और खुद भी इसे भविष्य में साफ रखने का वादा किया है। स्थानीय ग्रामीण प्रेमसिंह ने बताया- ऐतिहासिक धरोहरों को बचाना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। सफाई के साथ ही ग्रामीणों ने प्रशासन के सामने एक बड़ी मांग भी रखी है। उनका कहना है कि चूंकि अब यह पूरा इलाका नगर निगम के अंतर्गत आता है, इसलिए नगर निगम के अधिकारियों को बेड़वास और हीरा बावड़ी जैसी ऐतिहासिक जगहों को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना चाहिए। स्थानीय निवासी मनोहर सिंह ने कहा- अगर सरकार यहां ध्यान दे तो इन बावड़ियों की ऐतिहासिक पहचान को हमेशा के लिए संरक्षित रखा जा सकता है। सफाई अभियान में सभी ने शहरवासियों से अपील की कि वे सार्वजनिक स्थलों पर कचरा न फैलाएं और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें।