उदयपुर की खेरोदा थाना पुलिस ने अवैध गांजे के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। नाकेबंदी के दौरान युवक पुलिस को देखकर भागने लगा था, लेकिन पकड़ा गया। थानाधिकारी परमेश्वर पाटीदार ने बताया कि एसपी डॉ अमृता दुहन के निर्देशन में जिलेभर में चलाए जा रहे अभियान के तहत भटेवर स्थित वासुदेव होटल के सामने नेशनल हाईवे-48 पर नाकाबंदी की गई। तभी मंगलवाड़ की तरफ से एक बाइक सवार आता हुआ दिखा। उसे रुकने का इशारा किया तो वह पुलिस की टीम को देखकर रॉन्ग साइड बाइक मुडाकर नवानिया पुलिया की तरफ भागने लगा। पुलिस ने तस्कर का तुरंत पीछाकर उसे पकड़ लिया। उसके पास से 1.520 किलोग्राम अवैध गांजा भी बरामद किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम लोगरलाल निवासी भीखावानिया फला भींडर होना बताया। उसकी बाइक पर टंगे बैग की तलाशी ली गई तो उसमें एक थैली में से गांजा बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज करते हुए आगे जांच भींडर थानाधिकारी मुकेशचंद्र को सौंपी है। पुलिस पता लगा रही है कि आखिर आरोपी गांजा कहां से लाया था और कहां तस्करी करने वाला था।