उदयपुर में दो भाइयों के घर चोरी हो गई। दोनों का परिवार घर पर सोया हुआ था। चोरों ने सभी परिजन के कमरों की बाहर से कुंदी लगा दी। फिर वारदात को अंजाम दिया। यह वारदात मंगलवार रात खेरवाड़ा थाना क्षेत्र के जयप्रकाश नगर में हुई। पुलिस ने बताया- सुबह करीब 4 बजे तीसरा भाई दीतालाल पटेल जागे और दरवाजा खोलने का प्रयास किया तो बाहर से कुंदी लगी थी। इससे उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। बाद में पड़ोस में फोन करके गेट खुलवाया। दोनों घरों में कमरे के ताले टूटे थे और अंदर सामान बिखरा था। छोटे भाई हीरालाल पटेल के घर से करीब 36 लाख रुपए के जेवरात और एक लाख रुपए चोरी हो गए। वहीं बड़े भाई बंशीलाल पटेल के घर से करीब 600 ग्राम चांदी (कीमत करीब 1 लाख 10 हजार) के जेवरात चोरी हो गए। दोनों पीड़ितों ने इस संबंध में खेरवाड़ा थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस चोरों की तलाश में जुटी है। प्रभावी पुलिस गश्त नहीं होने से चोरों के हौसले बुलंद: दीतालाल पटेल प्रार्थी हीरालाल और बंशीलाल के बड़े भाई और रिटायर्ड टीचर दीतालाल पटेल ने बताया- इलाके में प्रभावी पुलिस गश्त नहीं होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं। चोरों ने संभावित रात 1 बजे से 3 बजे के बीच वारदात को अंजाम दिया। मैं सुबह 4 बजे उठा तो मेरे कमरे की बाहर से कुंदी लगी थी। उन्होंने कहा- पुलिस को रात में गश्त पर फोकस करना चाहिए, ताकि चोरी को रोका जा सके। हमारे घर और आसपास रास्ते में कहीं सीसीटीवी कैमरे भी नहीं हैं। सबसे छोटा भाई हीरालाल सप्ताहभर पहले ही कुवैत काम करने गया है। उसका बेटा और पत्नी घर में सोए हुए थे। उनके घर से 20 तोला सोना, 2 किलो चांदी और एक लाख रुपए नकदी चोरी हो गए।