उदयपुर शहर की सफाई व्यवस्था और विकास कामों को लेकर भाजपा विधायक ताराचंद जैन का गुस्सा उस वक्त फूट पड़ा। जब बीजेपी पदाधिकारियों ने नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी सत्यनारायण शर्मा पर फोन नहीं उठाने को लेकर शिकायत की। इस पर नाराज विधायक जैन से अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई और साफ कहा कि सफाई व्यवस्था से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि शहर की सड़कों पर बने गड्ढों को मई तक हर हाल में भर दिया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके और व्यवस्थाएं दुरुस्त हो सकें। दरअसल, गुरुवार को भाजपा विधायक ताराचंद जैन ने नगर निगम के अधिकारियों, भाजपा नेताओं और मंडल अध्यक्षों के साथ एक बड़ी बैठक आयोजित की है। इस बैठक का मुख्य एजेंडा शहर की सड़कों की हालत सुधारना और सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाना था। बैठक के दौरान बीजेपी पदाधिकारियों ने स्वास्थ्य अधिकारी के खिलाफ शिकायतों का पिटारा खोल दिया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि अधिकारी न तो फोन उठाते हैं और न ही समस्याओं का सही जवाब देते हैं। स्वास्थ्य अधिकारी को सभी से तालमेल बिठाने की हिदायत विधायक ताराचंद जैन ने नाराजगी जताते हुए स्वास्थ्य अधिकारी को सख्त हिदायत दी है, कि वे सभी के साथ तालमेल बिठाकर काम करें। विधायक ने दो टूक कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। भाजपा नेता अर्चना शर्मा ने ब्रह्मपुरी इलाके में सीवरेज ओवरफ्लो और राजेश वैष्णव ने जमादारों द्वारा काम में लापरवाही का मुद्दा उठाया। विधायक ने अधिकारियों को वर्किंग कल्चर सुधारने के दिए निर्देश नेताओं ने कहा कि जब अधिकारी जनता के प्रतिनिधियों का ही फोन नहीं उठाएंगे तो आम आदमी की सुनवाई कैसे होगी। इस पर विधायक ने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए वर्किंग कल्चर सुधारने के निर्देश दिए। शहर की खराब सड़कों को लेकर भी विधायक ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मई महीने के भीतर शहर के सभी पैचवर्क यानी गड्ढे भरने का काम पूरा हो जाना चाहिए। एसई बोले- जल्द ही शहर की सड़कों को सुधार दिया जाएगा निगम के अधीक्षण अभियंता मनीष अरोड़ा ने बताया कि मई में ही पैचवर्क के टेंडर हो रहे हैं और जल्द ही सड़कों को सुधार दिया जाएगा। इसके अलावा विधायक ने आयड़ नदी के किनारे चल रहे फेंसिंग के काम में हो रही देरी पर भी नाराजगी जताई और इसे जल्द से जल्द पूरा करने को कहा। बैठक में स्ट्रीट लाइटों और पेड़ों की छंगाई का मुद्दा भी उठा। पार्षद रेखा उंटवाल ने बताया कि शहर में कई जगह दिन में भी लाइटें जलती रहती है और पेड़ों की वजह से उजाला सड़कों तक नहीं पहुंच पा रहा है। इस पर विधायक ने तुरंत नया टेंडर कर पेड़ों की छंगाई करवाने के निर्देश दिए। सीसी सड़कों को चिकना होने से चोटिल हो रहे लोग वहीं, स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत बनी सीसी सड़कों के चिकना होने की वजह से लोग फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। जिस पर विधायक ने अधिकारियों को कोई तकनीकी समाधान निकालने को कहा। भाजपा नेता विजय आहूजा के सुझाव पर शहर में बिजली और टेलीफोन के फालतू खंभों को हटाने के लिए भी एक सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। उदयपुर के श्मशान घाट होंगे अब हाईटेक वहीं उदयपुर के चार प्रमुख श्मशान घाटों को अब हाईटेक बनाया जाएगा। विधायक जैन ने बताया कि सेक्टर 3, सेक्टर 11, अशोक नगर और रानी रोड स्थित श्मशान घाटों पर आधुनिक शवदाह गृह बनेंगे। इनमें लकड़ी का इस्तेमाल बहुत कम होगा। केंद्र सरकार की इस योजना के तहत अब महज डेढ़ से दो क्विंटल लकड़ी में ही अंतिम संस्कार हो सकेगा, जिससे पर्यावरण को भी फायदा होगा। हाथीपोल के तीन खंभों के पास सीवरेज ओवरफ्लो की पुरानी समस्या को खत्म करने के लिए इंजीनियर दिनेश पंचोली को 10 दिन का अल्टीमेटम दिया गया है। बैठक में बीजेपी के मंडल अध्यक्ष रणजीत सिंह दिग्पाल, कन्हैया वैष्णव और नानालाल वया, विजय आहूजा, अर्चना शर्मा, राजेश वैष्णव और रेखा उंटवाल ने भी अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखा। अधिकारियों की टीम में नगर निगम के निर्माण विभाग से अधीक्षण अभियंता मनीष अरोड़ा और अभियंता दिनेश पंचोली, अधिशाषी अभियंता रितेश पाटीदार मौजूद थे।