उदयपुर में अलीसगढ़ स्थित नेशनल हाईवे-58ई पर खेरिया घाटा के पास बीती देर रात दो बाइक सवार की गाय से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि हादसे में गाय की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक सवार दो युवक बुरी तरह घायल हो गए। जिनमें एक के सिर और हाथ में चोट लगने से हालत गंभीर बनी हुई है। हादसा करीब 11:30 बजे हुआ। सूचना पर पुलिस की हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर घायलों को एमबी हॉस्पिटल भर्ती कराया और मृत गाय को हाईवे से साइड में किया। पेट्रोलिंग टीम के हेड कॉन्स्टेबल​ गिरधारी प्रजापत और पप्पू मीणा ने बताया कि बाइक सवार भी स्पीड में जा रहे थे। तभी हाईवे पर सामने से अचानक गाय आ गई और बाइक उससे टकरा गई। तभी बाइक सवार उछलकर दूर जा गिरे। हादसे में बाइक बुरी तरह टूट गई। बाइक चलाने वाले युवक द्वारा हेलमेट नहीं पहना होने से उसके सिर पर गंभीर चोट लगी। दोनों को तुरंत हॉस्पिटल पहुंचाया गया। जहां इलाज जारी है। दोनों नशे मे थे, शादी में जा रहे थे जानकारी अनुसार उंदरी गांव निवासी घायल रमेश मीणा और उसके चाचा का लड़का प्रेम मीणा दोनों बाइक से अलसीगढ़ में शादी समारोह में जा रहे थे। रमेश के बड़े भाई दिनेश मीणा ने बताया कि दोनों हमें शादी में जाने की बात बोलकर निकले थे। पुलिस से हमें हादसे की सूचना मिली तो मौके पर पहुंचे। हॉस्पिटल में हमें डॉक्टरों से पता लगा कि दोनों शराब के नशे में थे। फिलहाल दोनों की हालत खतरे से बाहर है।