वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का प्रभाव उदयपुर भी रहेगा। बीती रात को जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई। इधर, मौसम विभाग ने शनिवार (4 अप्रैल) को उदयपुर संभाग में उदयपुर सहित कई जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। एकाएक शुक्रवार को बदले मौसम के बाद उदयपुर के तापमान में भी कमी आई और मौसम में ठंडक घुल गई। दिन में भी गर्मी के असर के बीच मौसम परिवर्तन से ठंडक का असर रहा। उदयपुर में 2 अप्रेल को अधिकतम तापमान 35 डिग्री से. था जो 3 अप्रेल को करीब 2.6 डिग्री से. घटकर 32.4 डिग्री से. हो गया। शुक्रवार की शाम को उदयपुर शहर में भी बादलों का डेरा था और शहर के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई जिससे मौसम ठंडा हो गया था। इधर, बीती रात को उदयपुर और सलूंबर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में भी कुछ जगह पर रात को हल्की बारिश हुई और आज सुबह भी शहर में 9 बजे तक बादलों का डेरा था और उसके बाद बीच-बीच में सूर्य भी निकला था। मौसम एक्सपर्ट डा. आर.एस. देवड़ा कहते है कि आगामी दो दिन तक भी उदयपुर में भी इसी तरह का मौसम रहेगा। वे कहते है कि हवाओं के साथ खंड वर्षा हो सकती है और इस मौसम से दो दिन गर्मी नहीं बढ़ेगी। इधर, मौसम केंद्र जयपुर ने आज बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके तहत उदयपुर संभाग के उदयपुर, राजसमंद, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़ में ऑरेंज अलर्ट और बांसवाड़ा और डूंगरपुर जिले में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। उदयपुर संभाग का दो दिन का तापमान (डिग्री से. में)