उदयपुर में जिला पर्यटन विकास समिति की बैठक सोमवार को एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में पर्यटन सीजन को देखते हुए उदयपुर में पर्यटन सुविधाओं को और बेहतर बनाने सहित कई मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। सहस्त्रबाहु मंदिर से जुड़े मामलों की जांच के लिए पुरातत्व विभाग और पुलिस को पत्र भेजा गया है। वहीं, शहर की ऐतिहासिक पहचान गुलाबबाग को यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। ओल्ड सिटी एरिया में नगर निगम की ओर से पुनः हेरिटेज वॉक शुरू एडीएम ओझा ने बताया कि ओल्ड सिटी एरिया में नगर निगम की ओर से पुनः हेरिटेज वॉक शुरू की जा रही है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और वर्क ऑर्डर जल्द जारी किए जाएंगे। हेरिटेज वॉक शुरू होने से पर्यटकों को उदयपुर की ऐतिहासिक विरासतों से रूबरू होने का मौका मिलेगा। बैठक में प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पार्किंग व्यवस्था, सुलभ शौचालय, पर्यटकों की सुरक्षा के लिए चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। एडीएम ओझा ने गत बैठक में हुए निर्णय की पालना में आगामी एक माह में अपेक्षित स्थलों पर पर्यटकों की सुविधा के लिए आवश्यक संकेतक एवं सूचना पट्ट लगवाना सुनिश्चित किया जाए। बैठक में सीईओ जिला परिषद विरमाराम, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, होटल एसोसिएशन, गाइड एसोसिएशन एवं पर्यटन क्षेत्र से जुड़े अन्य प्रतिनिधियों ने भाग लेकर अपने सुझाव प्रस्तुत किए। बैठक में प्राप्त सुझावों के आधार पर पर्यटन सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने पर सहमति बनी। बैठक में सदस्यों ने मांझी मंदिर में पर्यटकों से फोटोग्राफी के लिए वसूली किए जाने की शिकायत की। वहीं नागदा स्थित सहस्त्रबाहु मंदिर में प्री वेडिंग शूट करने वालों की ओर से आम पर्यटकों को परेशान किए जाने, ऐतिहासिक धरोहर को नुकसान पहुंचाने जैसी शिकायतें भी सामने आई। इस पर एडीएम ओझा ने मांझी मंदिर के संबंध में देवस्थान विभाग, सहस्त्रबाहु मंदिर के विषय में पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग और पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर उसकी जांच व आवश्यक कार्रवाई कराने के निर्देश दिए। इन बिंदुओं पर भी हुई चर्चा - ऑटो स्टैंड, ऑटो रेट और ड्राइवर की यूनिफॉर्म तय करने पर चर्चा - आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए पर्यटन थाने में पर्याप्त स्टाफ की तैनाती - सहेलियों की बाड़ी सहित अन्य पर्यटन स्थलों के समीप गाइड शेल्टर का निर्माण - नो व्हिकल जोन और पैदल मार्ग के लिए समिति की ओर से चिन्हित रूट पर चर्चा - सहेलियों की बाड़ी स्थित कलांगन के रखरखाव के लिए एसआईईआरटी को पाबंद करना - बाहुबली हिल्स पर पाथ-वे, पार्किंग और पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक व्यवस्था कराने पर चर्चा - गुलाबबाग को यूनेस्को हेरिटेज साइट में शामिल कराने के लिए इन्वेन्ट्री तैयार कराना।