उदयपुर में गर्मी लगातार तेज हो रही है। दिन में 1 बजे उदयपुर में 40 और सलूंबर में 42 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। वहीं, मौसम विभाग के अनुसार उदयपुर में अगले 3 दिन हीटवेव का असर रह सकता है। बता दें कि एक दिन पहले रविवार की शाम को शहर में बारिश से लोगों को राहत मिली थी। लेकिन सोमवार की सुबह वापस गर्मी बढ़ गई। 25 और 26 अप्रैल 2026 के तापमान आंकड़ों पर नजर डालें तो अधिकतम तापमान दोनों ही दिन 42.0 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर बना रहा। हालांकि, न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई। 25 अप्रैल को न्यूनतम पारा 24.5 डिग्री सेल्सियस था, वहीं 26 अप्रैल को यह बढ़कर 25.7 डिग्री सेल्सियस हो गया। इससे रात में भी गर्मी का असर बढ़ता महसूस किया गया। इससे पहले रविवार को शाम ढलते ही बादलों की गर्जना के साथ मौसम अचानक बदल गया। तेज धूल भरी हवा के साथ कई हिस्सों में बूंदाबांदी हुई। शहर के देहलीगेट, अश्विनी बाजार, चित्रकूट नगर, भुवाणा, मीरा नगर में बारिश हुई। बारिश से उमस भरी गर्मी से शाम को आंशिक राहत मिली। उदयपुर के गुरु नानक स्नातकोत्तर कन्या महाविद्यालय के भूगोल विषय के सहायक आचार्य मौसम विशेषज्ञ डॉ. आर.एस. देवड़ा ने बताया- उत्तर-पश्चिमी भारत में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के असर से यह बदलाव आया है। अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रह सकते हैं। खंड वर्षा की स्थिति बन सकती है। उदयपुर सहित दक्षिणी राजस्थान में अगले तीन दिनों तक हीट वेव का असर बना रहेगा।