उदयपुर में गुरुवार को मौसम विभाग के यलो अलर्ट के बावजूद पूरे दिन बारिश नहीं हुई। सुबह कुछ समय तक आसमान में बादल छाए रहे, लेकिन इसके बाद दिनभर मौसम साफ रहा और तेज धूप खिली रही। इससे लोगों को उमस का भी सामना करना पड़ा। मौसम केंद्र डबोक के अनुसार- शहर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक दिन पहले बुधवार को अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। तापमान में गिरावट के बावजूद बारिश नहीं होने से दिनभर मौसम शुष्क बना रहा। वहीं सलूंबर जिले में अब तक औसतन 135.8 मिमी यानी पांच इंच बारिश रिकॉर्ड की गई है। वहीं उदयपुर जिले में अब तक औसतन 89 मिमी यानी साढ़े तीन इंच बारिश हुई है। सलूंबर जिले में शुक्रवार को भी यलो अलर्ट जारी किया गया है। उदयपुर में 24 घंटे में नहीं हुई बारिश उदयपुर जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान जल संसाधन विभाग के किसी भी रेनफॉल स्टेशन पर बारिश दर्ज नहीं हुई। हालांकि बुधवार को जिले के कानोड़ और भींडर क्षेत्र में अच्छी बारिश हुई थी। मौसम एक्सपर्ट डॉ.आर.एस. देवड़ा बताते हैं कि उदयपुर में अब मानसून कमजोर होने से एक-दो दिन हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके बाद मानसून में गेप रहेगा और कुछ दिनों बाद बारिश होगी। तापमान में हल्की वृद्धि होगी। नमी के कारण उमस वाली गर्मी बनी रहेगी। पिछले सात दिनों का उदयपुर का तापमान (डिग्री से. में)