उदयपुर में दो दिन पहले निकाली गई शोभायात्रा के दौरान 6 महिलाओं से चेन स्नेचिंग के बाद सवीना थाने के कॉन्स्टेबल छगनलाल को सस्पेंड कर दिया है। मामले में कॉन्स्टेबल को लापरवाह मानते हुए एसपी डॉ. अमृता दुहन ने सस्पेंड की कार्रवाई की। दरअसल, कॉन्स्टेबल छगनलाल थाने में आसूचना अधिकारी यानी इंटेलिजेंस ऑफिसर हैं और कई साल से इसका जिम्मा संभाल रहे हैं। ऐसे में उन्हें थाना क्षेत्र में हर एरिया के संभावित अपराध की जानकारी होती है। ऐसे में बताया जा रहा है कि कॉन्स्टेबल ने शोभायात्रा में इस तरह की वारदात की आशंका को लेकर पहले से अपने उच्चाधिकारियों को अपडेट नहीं दिया। साथ ही संभावित महिला-पुरुष की संख्या की जानकारी सही नहीं दी। शोभायात्रा को लेकर इनपुट होता तो अपराध रोकने का करते प्रयास थानाधिकारी दलबीर ​सिंह ने बताया कि मेरी ज्वॉइनिंग के दूसरे दिन ही ये वारदात हुई है। मेरे लिए ये एरिया नया है। अगर शोभायात्रा को लेकर कुछ चीजों का इनपुट पहले से मिलता तो हम अपराध ​को रोकने का पूरा प्रयास करते। थानाधिकारी बोले- जल्द बदमाशों को पकड़ेंगे थानाधिकारी ने बताया कि चेन स्नेचिंग मामले में पुलिस की टीम आसपास सीसीटीवी खंगाल रही है। शोभायात्रा में समाज की तरफ से ड्रोन की जरिए रिकॉर्डिंग की गई, उसकी भी मदद ली जा रही है। कुछ इनपुट मिले हैं। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा। शोभायात्रा में महिलाओं की खासी भीड़, बुजुर्गों को बनाया निशाना 12 जुलाई को मुनि आदित्य सागर महाराज ससंघ के मंगल प्रवेश के उपलक्ष्य में क्षेत्र में शोभायात्रा निकाली गई थी। इस धार्मिक आयोजन में करीब 800 से 1000 की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए थे। जिसमें महिलाओं की भी अच्छी खासी भीड़ थी। भीड़ का फायदा उठाकर बदमाशों ने सेक्टर-11 स्थित आलोक स्कूल से जैन मंदिर के बीच इस वारदात को अंजाम दिया। वारदात की सूचना मिलते ही सवीना थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। थाने में 6 महिलाओं ने सोने के मंगलसूत्र और चेन स्नेचिंग की रिपोर्ट दर्ज कराई। सभी महिलाओं की उम्र 55 से 65 साल के बीच थी।