उदयपुर में जैन समाज की शोभायात्रा में बदमाशों ने एक के बाद एक तीन महिलाओं के गले से सोने की चेन और मंगलसूत्र छीनकर मौके से फरार हो गए। मुनि आदित्य सागर महाराज ससंघ के मंगल प्रवेश के उपलक्ष्य में क्षेत्र में शोभायात्रा निकाली जा रही थी। धार्मिक आयोजन में करीब एक हजार की संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए थे। भीड़ का फायदा उठाकर बदमाशों ने सेक्टर-11 स्थित आलोक स्कूल से जैन मंदिर के बीच इस वारदात को अंजाम दिया। वारदात की सूचना मिलते ही सवीना थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पीड़ित महिलाओं की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की तलाश कर रही है। उदयपुर में चेन स्नेचिंग की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे ठीक एक दिन पहले भी हिरण मगरी थाना क्षेत्र में इसी तरह की चेन स्नेचिंग की वारदात सामने आई थी। ढाई तोला सोने का मंगलसूत्र और डेढ़ तोला सोने की चेन मामले में थानाधिकारी दलबीर सिंह ने बताया- महिला रेणुका जैन(53) पत्नी गजेन्द्र कुमार जैन निवासी गोवर्धन विलास के गले से ढाई तोला सोने का मंगलसूत्र छीनकर ले गए। वहीं, महिला लीलादेवी सिंघवी(75) पत्नी जीवनलाल निवासी नेमीनाथ कॉलोनी के गले से डेढ़ तोला सोने की चेन और महिला इन्द्रदेवी जैन(56) पत्नी झमक लाल जैन निवासी सर्वऋतु विलास के गले से डेढ़ तोला सोने का मंगलसूत्र छीनकर ले गए। बदमाशों ने भीड़ का फायदा उठाकर चेन स्नेचिंग की घटना को अंजाम दिया। तीन महिलाओं के साथ शोभायात्रा में अलग-अलग जगह वारदात हुई। पुलिस आसपास सीसीटीवी खंगालते हुए आरोपियों की तलाश में जुटी है।