उदयपुर में घर में खड़ी कार का जोधपुर पुलिस ने ओवर स्पीड बताकर चालान भेज दिया। जब सरकारी स्कूल टीचर स्कूल में पढ़ा रही थी और उस समय उसकी गाड़ी घर में खड़ी थी। उस समय उनके मोबाइल पर मैसेज आया कि 19 दिन पहले उन्होंने जोधपुर में ओवर स्पीड से गाड़ी चलाई है, जिसका 1000 रुपए का चालान बनाया गया है। महिला टीचर और उनके पति ने कहा कि गाड़ी घर थी और बता दिया जोधपुर। दरअसल, उदयपुर शहर के कलड़वास स्थित रानी जी की बाड़ी में रहने वाली सरकारी टीचर ललिता मेनारिया के नाम जो कार है, उसका चालान जोधपुर ग्रामीण पुलिस ने 9 मई 2026 को भेजा। ई-चालान में अंकित किया गया कि 23 अप्रैल 2026 को शाम 4 बजकर 23 मिनट पर वे ओवरस्पीड से चला रहे थे। महिला के पति कैलाश मेनारिया ने बताया कि जो ई-चालान मिला है, उसमें जिस कार का फोटो है, वह उनकी कार भी नहीं है। जिस कंपनी की कार का फोटो था, उस कंपनी की कार उनके पास नहीं है। उनकी कंपनी ही अलग है। कैलाश बताते है कि वे तीन साल पहले बस से जोधपुर गए थे, वे कभी कार से तो जोधपुर गए ही नहीं। 23 अप्रैल को तो गाड़ी यहीं पर थी। उदयपुर में खड़ी गाड़ी को राजसमंद नो-पार्किंग में बताया वहीं दूसरी तरफ उदयपुर के हिरणमगरी सेक्टर 3 निवासी कार मालिक प्रभुलाल सोमानी ने बताया कि उनकी गाड़ी हिरणमगरी में जहां वे किराए रहते हैं, वहीं खड़ी है। लेकिन 7 मई (बुधवार) की शाम 5:43 बजे उनके मोबाइल नंबर पर राजसमंद पुलिस का मैसेज आया। पुलिस ने इसमें बताया कि राजसमंद में कार नो-पार्किंग में खड़ी कर रखी है। ई-चालान में नियम तोड़ने का दिन और समय 8 मई सुबह 3:56 बजे दर्शाया गया है। पुलिस ने 200 रुपए का चालान बनाया था। सोमानी ने कहा कि पुलिस सिस्टम इतना तेज बना दिया गया कि अगले दिन की तारीख में चालान एक दिन पहले ही बना रहे हैं। गाड़ी उदयपुर में, ओवरस्पीड का चालान चित्तौड़ में उदयपुर के मॉडर्न कॉम्प्लेक्स में रहने वाले बिजनेसमैन प्रमोद खाब्या की कार RJ27CR0031 जो उदयपुर में घर की पार्किंग में खड़ी थी। चित्तौड़ पुलिस ने ट्रैफिक नियमों का उल्लघंन करते हुए बताया कि गाड़ी चित्तौड़गढ़ में ओवर स्पीड में चल रही थी। चित्तौड़ पुलिस ने ओवरस्पीडिंग से गाड़ी चलाने पर एक हजार रुपए का चालान बनाया, जबकि गाड़ी सड़क पर चली ही नहीं और उदयपुर में घर की पार्किंग में थी। गलत चालान पर कर सकते हैं अपील पुलिस का कहना है कि नियमों के अनुसार गलत चालान आने पर 15 दिनों के भीतर शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। इसके बाद इसका निस्तारण किया जाता है। इसके लिए जो चालान का मैसेज आता है उसके साथ ही नीचे इसकी शिकायत करने का विकल्प दे रखा है। --------------- घर खड़ी गाड़ियों के ई-चालान की ये खबरें भी पढ़े… उदयपुर में खड़ी बिजनेसमैन की गाड़ी का चित्तौड़गढ़ में कटा-चालान:ओवर स्पीड में चलाने का एक हजार जुर्माना लगाया;सुबह 11 बजे तक घर से नहीं निकली कार उदयपुर में एक बिजनेसमैन के बेटे की गाड़ी का चित्तौड़गढ़ में ओवर स्पीड ड्राइविंग का चालान कट गया। बिजनेसमैन को चित्तौड़गढ़ एसपी कार्यालय से एक हजार रुपए का चालान मिला है। जबकि गाड़ी सुबह 11 बजे तक पार्किंग में खड़ी थी। (पूरी खबर पढ़े…) घर में खड़ी गाड़ी का फिर कटा चालान:मालिक के मोबाइल पर राजसमंद पुलिस का आया मैसेज, 8 मई का चालान, 7 को ही बना दिया राजस्थान पुलिस के ई-चालान बनाने के सिस्टम पर सवाल उठने लगे हैं। अब तक तो आपने ऐसे केस देखे कि गाड़ी किसी दूसरे शहर में और चालान किसी अन्य शहर में बन रहे हैं। अब एक ऐसा मामला सामने आया कि पुलिस ने अगले दिन का चालान एक दिन पहले ही बना दिया। (पूरी खबर पढ़े)