उदयपुर के नेहरू हॉस्टल के पास बन रही सर्विस रोड का रास्ता अब जल्द साफ हो जाएगा। रोड के बीच में बाधा बन रहे बिजली के बड़े टावर्स को हटाने और उन्हें शिफ्ट करने का काम बुधवार से शुरू किया गया। इन टावर्स के हटने के बाद सड़क निर्माण के काम में तेजी आएगी। वहीं यहां से गुजरने वाले हजारों लोगों को राहत मिलेगी। दरअसल, हिरणमंगरी सेक्टर-3, डोरे नगर और लालमंगरी जैसे इलाकों में रहने वाले लोगों को लंबे समय से बड़ी समस्या का सामना करना पड़ता था। इन इलाकों में जाने के लिए लोगों को सेवाश्रम ओवरब्रिज के पास से रॉन्गसाइड यानी गलत दिशा में गाड़ी चलानी पड़ती थी। इसकी वजह से यह पूरा इलाका 'एक्सीडेंट जोन' बन चुका था। यहां आए दिन सड़क हादसे होते रहते थे। लोगों की जान हमेशा जोखिम में बनी रहती थी। सड़क बनाने के लिए मिली नेहरू हॉस्टल की कुछ जमीन स्थानीय निवासियों ने परेशानी के बारे में उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन को बताया। विधायक ने मामले में एक्शन लिया। उन्होंने मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय प्रशासन और राजभवन के साथ लगातार पत्र व्यवहार किया। विधायक की कोशिशें से नेहरू हॉस्टल की कुछ जमीन सड़क बनाने के लिए भी मिल गई। इसके बाद उदयपुर विकास प्राधिकरण (UDA) के माध्यम से यहां सर्विस रोड बनाने का काम शुरू करवाया गया। विधायक जैन ने बताया- रोड का काम शुरू होने के बाद भी बड़ी तकनीकी समस्या सामने आ रही थी। सड़क के ठीक बीचों-बीच बिजली की हाईटेंशन लाइनों के टावर खड़े थे। इसकी वजह से निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ पा रहा था। स्थानीय लोगों ने जब विधायक को जानकारी दी कि टावर्स की वजह से काम रुक गया है तो उन्होंने तुरंत बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता (SE) केसी मीणा से बात की और इन टावर्स को जल्द दूसरी जगह शिफ्ट करने के निर्देश दिए। टावर्स शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू विधायक ताराचंद जैन के निर्देश के बाद बुधवार को बिजली विभाग की टीम मशीनों के साथ मौके पर पहुंची और टावर्स को शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी। विभाग के अधिकारियों ने कहा- टावर शिफ्ट होने के बाद अगले कुछ ही दिनों में सर्विस रोड का बचा हुआ काम पूरा कर लिया जाएगा। इस रोड के बनने से लोगों को अब रॉन्ग साइड चलने की जरूरत नहीं होगी। इससे हादसों पर लगाम लगेगी और ट्रैफिक भी सुचारू हो सकेगा।