उदयपुर में रविवार को बादलों और हल्की धूप की आंख-मिचौली के बीच मौसम बेहद सुहावना बना हुआ है, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को उमस से थोड़ी राहत मिली है। सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं और ठंडी हवाएं चल रही हैं। दिनभर में बार-बार कुछ देर के लिए धूप खिली, लेकिन बादलों की आवाजाही लगातार जारी रही। हालांकि, घने बादल छाए रहने के बावजूद आज बारिश नहीं हुई। मौसम विभाग के अनुसार, आज दिन के तापमान में 1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। आज अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहा, जो एक दिन पहले 33 डिग्री सेल्सियस था। पूरे सप्ताह ऐसा ही रहेगा मौसम: मौसम विशेषज्ञ मौसम विशेषज्ञ डॉ. आर.एस. देवड़ा ने बताया कि पश्चिमी राजस्थान में इस समय धूलभरी आंधी और तेज हवाओं की स्थिति बनी हुई है। वहीं, उदयपुर में अगले पूरे सप्ताह हल्के बादल और धूप दोनों का मिलाजुला असर देखने को मिलेगा। मानसून का पहला दौर अब समाप्त हो चुका है, जिसके कारण आगामी सप्ताहभर मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। तापमान में पहले हल्की गिरावट आएगी, लेकिन इसके बाद तापमान में फिर से बढ़ोतरी होगी और उमस भरा मौसम एक बार फिर परेशान कर सकता है।