उदयपुर में दिनभर मौसम रंग बदलता रहा। शहर के बाहरी इलाकों में शाम को अच्छी बारिश हुई। साथ ही जिले के वल्लभनगर कस्बे में भी एक घंटे से ज्यादा समय तक झमाझम बारिश हुई। उदयपुर में शाम करीब 6 बजे शहर के बाहर डबोक एयरपोर्ट रोड पर तेज बारिश हुई। इस दौरान हाईवे पर पानी भर गया। ट्रांसपोर्ट नगर के सामने देबारी की सर्विस रोड पर सबसे ज्यादा पानी भर गया, जिससे गाड़ियां फंस गई। पानी में कार बंद होने से लोग धक्का देकर निकालते रहे। वल्लभनगर में हुई एक घंटे बारिश वल्लभनगर में रात करीब 8 बजे से बारिश शुरू हुई, जो लगातार 9 बजे तक चली। कस्बे में तेज हवा के साथ बारिश शुरू हुई। लंबे समय से बारिश नहीं होने के कारण खेतों में खड़ी फसलें सूखे की मार झेल रही थीं और किसान चिंतित थे। रात को हुई अच्छी बारिश से फसलों को जीवनदान मिला और किसानों के चेहरों पर खुशी लौट आई। कोटड़ा में 1 इंच बारिश दर्ज इससे पहले सुबह से ही उदयपुर में आसमान में बादलों ने डेरा डाल रखा है। हवा की रफ्तार धीमी थी, लेकिन पिछले दिनों हुई बारिश के चलते मौसम में ठंडक बनी रही। बाद में उमस बढ़ गई और आमजन परेशान हुए। सोमवार सुबह 8 बजे तक पिछले 24 घंटों में कोटड़ा क्षेत्र में करीब एक इंच बारिश दर्ज की गई। अगले 2-3 दिन छाए रहेंगे बादल मौसम विभाग के डबोक केंद्र के अनुसार- सोमवार को उदयपुर का अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार की तुलना में अधिकतम तापमान में 2.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। मौसम एक्सपर्ट भूगोल सहायक आचार्य डॉ. आर. एस . देवड़ा ने बताया कि उदयपुर में आने वाले दो से तीन दिनों तक बादल छाए रहेंगे और वर्षा का दौर थम जाएगा। कही हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। बंगाल की खाडी मे बना अवदाब उत्तर-पश्चिमी दिशा मे आगे तीन दिनों बाद फिर से बरसात शुरू होगी। उन्होंने बताया- इस दौरान तापमान यथावत बना रहेगा और मौसम शुष्क रहेगा। वल्लभनगर से इनपुट : रमेश डांगी उदयपुर में बारिश जलस्तर : जयसमंद में बढ़ा पानी (आंकड़े मीटर में)