उदयपुर में गुरुवार सुबह ठंडी हवा चली। इसके बाद जैसे-जैसे सूरज चढ़ा, गर्मी के तेवर तीखे हो गए। शहर की पिछोला और फतहसागर झीलों पर सुबह गर्मी से राहत पाने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। बच्चों के साथ बड़े भी पानी में उतरकर मस्ती करते नजर आए। पिछोला झील पर सुबह करीब 9 बजे ही अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। वहीं, बुधवार को भी शहर में मौसम साफ और गर्म बना रहा। दिन का अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री रहा। आज सुबह दस बजे उदयपुर का अधिकतम तापमान 33 और सलूंबर का 35 डिग्री से. रहा। हालांकि पिछले कुछ दिनों की तुलना में अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट आई है, लेकिन गर्मी का असर कम नहीं हुआ है। खासतौर पर दोपहर के समय तपिश इतनी तेज हो जाती है कि लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। 13 से 18 अप्रैल के बीच तापमान 40 डिग्री के आसपास रहा, लेकिन उस दौरान गर्मी उतनी तीखी महसूस नहीं हुई थी। वहीं अब 38 डिग्री के आसपास तापमान होने के बावजूद गर्मी ज्यादा परेशान कर रही है। अप्रैल महीने के आंकड़ों पर नजर डालें तो अब तक अधिकतम तापमान में 8 से 9 डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 8 अप्रैल को जहां तापमान 31.1 डिग्री था, वहीं 11 अप्रैल के बाद इसमें लगातार इजाफा देखने को मिला है। महीने की शुरुआत जहां राहत भरी रही, वहीं दूसरे पखवाड़े में गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. आर.एस. देवड़ा के अनुसार, दक्षिणी राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ और अरब सागर से आ रही नमी के कारण तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, अगले दो दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जिससे तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा और गर्मी का असर बना रहेगा।