उदयपुर के फतहपुरा चौराहे पर मंगलवार को बेटे को टिफिन देने जा रही मां को तेज रफ्तार डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी। ड्राइवर ने डंपर के आगे का टायर महिला के पैर के ऊपर चढ़ा दिया, जिससे उसका पैर बुरी तरह कुचल गया। महिला सड़क पर ही बैठे-बैठे दर्द से कहरा रही थी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। जिसके बाद राहगीरों ने एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस के देरी से पहुंचने पर लोग आक्रोशित हो गए और हंगामे जैसे हालात बन गए। इस बीच एंबुलेंस के जरिए महिला को एमबी हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और डंपर को जब्त करते हुए आगे की कार्रवाई जारी है। पहले देखिए, घटना से जुड़ी 3 PHOTO'S बेटे को टिफिन देने जा रही थी महिला जानकारी के अनुसार, 58 वर्षीय भावना देवी अपने बेटे लखन को टिफिन देने जा रही थी। रास्ते में ही एक तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी।। प्रत्यक्षदर्शी योगेश पालीवाल ने बताया कि डंपर नियमों की अनदेखी करते हुए नो-एंट्री क्षेत्र से गुजर रहा था। इसी दौरान उसने पैदल जा रही महिला को जोरदार टक्कर मार दी। महिला का एक पैर पूरी तरह से कुचलकर बिखर गया। एंबुलेंस करीब आधे घंटे की देरी से पहुंची। इस दौरान महिला दर्द से तड़पती रही, जिसे देखकर स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने प्रशासन की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए नाराजगी जताई। शहर में नो एंट्री के नियमों पर बरतें सख्ती परिजनों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी डंपर के ड्राइवर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और शहर में नो-एंट्री नियमों को सख्ती से लागू किया जाए। ताकि भविष्य में इस तरह के हादसे नहीं हो।