उदयपुरवाटी शहर के वार्ड संख्या 30 स्थित टीटेड़ा निवासी श्रवण कुमार उर्फ शायर दायमा के बेटे विकास और बेटी ईशा का एक साथ नीट (NEET) परीक्षा में चयन हुआ है। यह परिवार के लिए लगातार दूसरी सफलता है, क्योंकि पिछले साल भी उनकी एक बेटी आशा का नीट में चयन हुआ था। कबाड़ी का काम करते हैं पिता कबाड़ी का काम करने वाले शायर दायमा के सभी बच्चे मेधावी हैं। उनकी सबसे बड़ी बेटी नीशा सिविल इंजीनियर हैं। इस वर्ष चयनित ईशा ने 720 में से 514 अंक प्राप्त किए हैं, जबकि विकास ने 505 अंक हासिल किए हैं। माला और साफा पहनाकर किया अभिनंदन एक गरीब मजदूर के तीन बच्चों का नीट जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में चयन होने पर मोहल्ले के लोगों में खुशी का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने विकास और ईशा का माला व साफा पहनाकर अभिनंदन किया और मिठाइयां बांटीं। इस अवसर पर सहायक विकास अधिकारी रविप्रकाश मीणा, दिलीप असवाल, श्यामलाल दायमा, नानगी देवी और निशा दायमा सहित कई लोग उपस्थित रहे। क्षेत्र के अन्य छात्रों ने हासिल की सफलता क्षेत्र में नीट परीक्षा के अन्य सफल उम्मीदवारों में एसीबीईओ सुशील रामूका की बेटी सृष्टि रामूका भी शामिल हैं, जिन्होंने 583 अंक प्राप्त किए हैं। इसके अतिरिक्त, शिशूवाला निवासी रामनिवास सैनी की बेटी खुशी सैनी ने 590 अंक और मंडी के नजदीक रहने वाले राजेंद्र दायमा के बेटे सौरभ दायमा ने 522 अंक हासिल किए हैं। इन सभी प्रतिभाओं के चयन से पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।