मध्यप्रदेश में गुरुवार को भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकली। उज्जैन, पन्ना, इंदौर, ग्वालियर, रतलाम, नर्मदापुरम, मंडला, महेश्वर, भिंड, मंदसौर, बालाघाट और कई अन्य जिलों में हजारों श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के रथ खींचने उमड़े। पूरे मार्ग में भजन-कीर्तन, जयघोष, पुष्पवर्षा और आरती के बीच भक्तों ने भगवान का स्वागत किया। कई जगह पहली बार रथयात्रा निकाली गई, जबकि कुछ स्थानों पर सदियों पुरानी परंपरा का निर्वहन हुआ। उज्जैन: पहली बार तीन रथ बने सबसे बड़ा आकर्षण उज्जैन के इस्कॉन मंदिर की रथयात्रा इस बार सबसे खास रही। पहली बार भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा तीन अलग-अलग पारंपरिक रथों पर विराजमान हुए। भगवान जगन्नाथ 35 फीट ऊंचे नंदीघोष रथ पर सवार हुए। बंगाल के कारीगरों ने जापान से मंगाए गए विशेष धागों और मोतियों से करीब ढाई लाख रुपए की विशेष पोशाक तैयार की। वहीं, शहर के कार्तिक चौक स्थित जगदीश मंदिर से करीब 100 साल पुराने लकड़ी के रथ को 1200 गांवों के श्रद्धालुओं ने खींचा। पन्ना: परंपरा के अनुसार भगवान को दिया गया गार्ड ऑफ ऑनर पन्ना में पुरी की तर्ज पर निकली ऐतिहासिक रथयात्रा से पहले भगवान जगन्नाथ को परंपरा के अनुसार गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में रथयात्रा निकली। राजपरिवार के सदस्य महाराज छत्रसाल जूदेव द्वितीय और कलेक्टर ऊषा परमार भी यात्रा में शामिल हुए। देखिए अलग-अलग शहरों से रथ यात्रा की तस्वीरें… इंदौर: रथ के आगे झूमते रहे श्रद्धालु इंदौर में भगवान वेंकटेश की रथयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। महिलाएं भजनों पर नृत्य करती रहीं, नगर निगम के सफाईकर्मी रथ के पीछे चलते हुए स्वच्छता का संदेश देते रहे। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने भी रथयात्रा में शामिल होकर भगवान के दर्शन किए। भिंड: जिले में पहली बार निकली भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा भिंड में पहली बार भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की भव्य रथयात्रा निकाली गई। करीब पांच किलोमीटर लंबी यात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत किया गया। मंदसौर और खरगोन: पहली बार बनी ऐतिहासिक शुरुआत मंदसौर में 500 साल पुराने श्री जगदीश मंदिर से पहली बार भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा निकली। वहीं, खरगोन में 125 साल पुराने जगदीश मंदिर से पहली बार तीन किलोमीटर लंबी रथयात्रा निकाली गई, जिसमें तीन हजार से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए। लाइव ब्लॉग के मिनट टु मिनट अपडेट के लिए यहां से गुजर जाइए…